Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

दो तेज रफ्तार बाइकों की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की गई जान

January 22, 2026

दो तेज रफ्तार बाइकों की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की गई जान

नेशनल डेस्क: बिहार के बक्सर जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार युवकों की जान चली गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य युवकों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह सड़क हादसा बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के रोइनीभान गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों मोटरसाइकिलें तेज गति से आ रही थीं और आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर के बाद सभी युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें: Today Weather Update: अब ठंड कहेगी अलविदा! दिल्ली से राजस्थान तक बारिश का अलर्ट

इस हादसे में मरने वाले युवकों में 22 वर्षीय सूर्य देव कुमार शामिल हैं, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव के रहने वाले थे। दूसरे मृतक की पहचान कैमूर जिले के चंदेश गांव निवासी 24 वर्षीय उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है। तीसरे युवक की पहचान 26 वर्षीय मोहम्मद सैफ के रूप में की गई है और चौथे मृतक की पहचान बनारपुर गांव निवासी रितेश के तौर पर हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि इलाज के दौरान तीन युवकों की मौत हो गई। एक अन्य युवक रूपेश गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने सभी चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैं और परिवार में मातम का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 22 January 2026: गणेश जयंती पर 6 राशियों को मिलेगा सौभाग्य, सिंह-तुला को रहना होगा सतर्क

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें