Site icon Dainik Savera Times

नीतीश सरकार ने युवाओं के लिए किया बड़ा ऐलान, बिहार युवा आयोग के गठन को दी मंजूरी

Bihar Youth Commission

Bihar Youth Commission

Bihar Youth Commission : बिहार में अब युवा आयोग का गठन होगा। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में बिहार युवा आयोग के गठन को भी मंजूरी दे दी गई। इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुशी जाहिर की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, उन्हें प्रशिक्षित करने और उन्हें सशक्त और सक्षम बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बिहार युवा आयोग के गठन का निर्णय लिया है और आज कैबिनेट ने बिहार युवा आयोग के गठन को भी मंजूरी दे दी है।’

सरकारी विभागों के साथ समन्वय-

आयोग की भूमिका के बारे में उन्होंने आगे लिखा, ‘यह आयोग समाज में युवाओं की स्थिति को सुधारने और ऊपर उठाने से संबंधित सभी मामलों पर सरकार को सलाह देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह आयोग युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों के साथ समन्वय भी करेगा।’

शराब और अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए भी कार्य करेगा आयोग-

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगे कहा कि इस युवा आयोग में एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और सात सदस्य होंगे, जिनकी अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष होगी। यह आयोग इस बात की भी निगरानी करेगा कि राज्य के स्थानीय युवाओं को राज्य के भीतर निजी क्षेत्र की नौकरियों में प्राथमिकता मिले, साथ ही राज्य के बाहर अध्ययन और नौकरी करने वाले युवाओं के हितों की रक्षा भी की जाएगी। इसके अलावा, सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देने वाले शराब और अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए कार्यक्रम तैयार करने और ऐसे मामलों में सरकार को सिफारिशें भेजने का महत्वपूर्ण कार्य भी इस आयोग का होगा।

आयोग का दूरदर्शी उद्देश्य-

आयोग के उद्देश्य के बारे में मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘राज्य सरकार की इस दूरदर्शी पहल का उद्देश्य यह है कि इस आयोग के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर, कुशल और रोजगारोन्मुखी बनेंगे ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो।’

Exit mobile version