लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक मुस्लिम महिला के नकाब हटाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह मामला सुलझने के बजाय मंत्रियों, नेताओं की बयानबाजी के कारण तूल पकड़ता जा रहा है, जो दुःखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री कुमार से इस मामले पर खेद जताने और विवाद को खत्म करने को कहा। पूर्व मुख्यमंत्री ने बहराइच में हुई विवादास्पद पुलिस परेड की घटना पर भी चिंता जताई। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक लंबे पोस्ट में मायावती ने कहा कि ‘नकाब’ विवाद ‘‘दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण’’ है, जिसने घटना के संबंध में मंत्रियों की बयानबाजी के कारण और तूल पकड़ लिया है।
इस घटना का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हो रहा है। यह घटना सोमवार को पटना में मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई जहां आयुष चिकित्सक अपने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए एकत्रित हुए थे। जब महिला अपना पत्र लेने आई तो कुमार ने उसका नकाब देखा और कहा, ‘‘यह क्या है’’ और फिर उन्होंने नकाब हटा दिया। इसके बाद विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी मांगने की बात कही।
मायावती ने शनिवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरण के सार्वजनिक कार्यक्रम में एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का नकाब हटाने का मामला सुलझने के बजाय लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और खासकर मंत्रियों आदि की बयानबाजी के कारण इसने विवाद का रूप ले लिया है जो दुःखद व दुर्भाग्यपूर्ण है।’’ मायावती ने कहा, ‘‘यह मामला पहली नजर में ही महिला सुरक्षा व सम्मान से जुड़ा होने के कारण माननीय मुख्यमंत्री के सीधे हस्तक्षेप से अब तक सुलझ जाना चाहिए था खासकर तब जब कई जगहों पर ऐसी अन्य घटनाएं भी सुनने को मिल रही हैं।’’

