
बिहार डेस्क। महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए गए तेजस्वी यादव ने मंगलवार सुबह एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो महिलाओं के लिए शुरू की गई ‘माई बहिन योजना’ के तहत एक साल की पूरी राशि यानी 30 हजार रुपये सीधे उनके खाते में भेजे जाएंगे।
14 जनवरी को मिलेगा महिलाओं को पूरा पैसा
तेजस्वी यादव ने बताया कि सरकार बनने के बाद 14 जनवरी को महिलाओं के खातों में एकमुश्त 30 हजार रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह वादा नहीं, बल्कि एक पक्का संकल्प है जिसे उनकी सरकार पूरा करेगी।
जीविका दीदियों को मिलेगा स्थाई दर्जा और 30 हजार महीना
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनते ही जीविका समूह में काम करने वाली महिलाओं (कम्युनिटी मोबिलाइजर) को स्थाई नौकरी दी जाएगी। उन्हें हर महीने 30 हजार रुपये वेतन मिलेगा। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं बिहार के विकास की रीढ़ हैं, और अब उन्हें सम्मान के साथ रोजगार मिलेगा।
किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त
तेजस्वी यादव ने कहा कि किसानों को अब सिंचाई के लिए बिजली पर खर्च नहीं करना पड़ेगा। अभी राज्य सरकार किसानों से 55 पैसा प्रति यूनिट लेती है, लेकिन महागठबंधन की सरकार बनने के बाद यह खर्चा पूरी तरह सरकार उठाएगी।
ये भी पढ़ेंः Pollution: राजधानी में बढ़ा प्रदूषण: हवा हुई जहरीली, सेहत का रखें खास ख्याल
व्यापार मंडलों को मिलेगा जनप्रतिनिधि का दर्जा
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के 8463 पैक्स (व्यापार मंडल) को जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा। इससे व्यापारियों को सरकारी योजनाओं और फैसलों में सीधा प्रतिनिधित्व मिलेगा।
तेजस्वी का वादा, हर परिवार को एक नौकरी मिलेगी
जब पत्रकारों ने पूछा कि “हर परिवार को नौकरी देने के लिए पैसा कहां से आएगा?”, तो तेजस्वी यादव ने जवाब दिया- “हमने यह घोषणा एक्सपर्ट्स की राय लेने के बाद की है। भाजपा सिर्फ सवाल पूछती है, लेकिन हमने अपने 17 महीने के कार्यकाल में 5 लाख लोगों को नौकरी दी और 3.5 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की थी। इसलिए हमारे लिए यह असंभव नहीं है।”
पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर को
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा। 4 नवंबर की शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। इसी प्रचार के आखिरी दौर में तेजस्वी यादव ने महिलाओं के खातों में पैसा भेजने की तारीख का ऐलान कर राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...