Site icon Dainik Savera Times

Bihar : भागलपुर में झोपड़पट्टी में लगी आग, दर्जनों झोपड़ियां जलकर राख

Fire breaks out in slum in Bhagalpur

Fire breaks out in slum in Bhagalpur

भागलपुर : बिहार में चल रही गर्म हवा और तापमान में वृद्धि के बाद आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। इस बीच, भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र के झोपड़पट्टी में आग लगने से दर्जनों झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। बताया गया कि भागलपुर में विक्रमशिला सेतु टीओपी के समीप झुग्गी झोपड़ी में अचानक भीषण आग लग गई।

खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण पहले एक झोपड़ीनुमा घर में आग लगी और फिर चल रही तेज गर्म हवा के कारण देखते ही देखते आग ने कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी भयावह थी कि लोगों को अपने घर का सामान निकालने का भी मौका नहीं मिल सका।

आग लगने के कारण घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारण कुछ देर के लिए इस इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

आग लगने की घटनाओं में वृद्धि

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही कहलगांव प्रखंड के अंतीचक थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में आग लगने से एक दर्जन घर जलकर राख हो गए थे। बताया गया कि दयालपुर गांव के ठाकुर टोला में बच्चे मकई का भुट्टा पका रहे थे, उसी क्रम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

इस घटना में सुबोध ठाकुर के घर में रखे नौ क्विंटल गेहूं, 60 हजार रुपये नकद भी जल गए। ज्ञात हो कि बिहार में गर्मी के दिनों में आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हो जाती है। इसी महीने मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मणि पंचायत की दलित बस्ती में भीषण आग लगने से चार बच्चों की झुलसकर मौत हो गई थी। इस घटना में 15 घर जलकर राख हो गए थे।

Exit mobile version