Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार ने रचा इतिहास: बना पहला राज्य जहां ई-वोटिंग के जरिये हुआ मतदान : सम्राट चौधरी

June 29, 2025

बिहार ने रचा इतिहास: बना पहला राज्य जहां ई-वोटिंग के जरिये हुआ मतदान : सम्राट चौधरी

पटना। देश में पहली बार मोबाइल एप के जरिए वोटिंग हुई। शनिवार को बिहार के 26 जिलों की 42 नगर पालिकाओं के उपचुनाव हुए। कुल 62.41 फीसदी वोटिंग हुई। ई-वोटिंग, बूथ वोटिंग से अधिक दर्ज हुई। ई-वोटिंग के जरिए करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ। इस बीच, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लिए यह खुशी का समय है। बिहार के नगर निकाय के चुनाव में ई-वोटिंग के जरिये 70 प्रतिशत मतदान हुआ। अपने आप में यह अनोखा प्रयोग है। बिहार पहला राज्य है जहां ई-वोटिंग के जरिये मतदान हो रहा है।

इधर, सामाजिक सुरक्षा के मामले में भारत के दूसरे स्थान पर आने को लेकर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों का कल्याण हो रहा है। दरअसल, बिहार ने देश में पहली बार ई-वोटिंग करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। शनिवार को नगर निकाय आम चुनाव और उपचुनाव में ऑनलाइन निबंधित 70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मोबाइल से ई-मतदान किया। चुनाव में पटना, बक्सर, रोहतास, सारण, बांका और पूर्वी चंपारण के विभिन्न नगर निकायों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

ई-वोटिंग करने वालों में 72.01 प्रतिशत पुरुष एवं 63.38 प्रतिशत महिलाएं हैं। 51 हजार मतदाताओं ने इसके लिए पंजीकरण कराया था। लेकिन, तीन निकायों की तीन सीटों के लिए मतदान स्थगित होने के बाद कुल 38 हजार ऑनलाइन मतदाता पंजीकृत थे।

राज्य निर्वाचन आयोग भी इसे बड़ी उपलब्धि मानता है। चुनाव में ऑनलाइन और सामान्य मिलाकर 62.41 प्रतिशत मतदान हुआ। 184 वार्ड पार्षद, छह-छह उपमुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद की सीट का फैसला होना है। वोटों की गिनती 30 जून को होगी। कहा जा रहा है कि आयोग का सदैव प्रयास रहा है कि प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, उत्तरदायित्वपूर्ण और सुलभ मतदान प्रक्रिया उपलब्ध कराई जाए। इसी उद्देश्य की पूर्त िके लिए ई-वोटिंग का प्रयोग किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें