Site icon Dainik Savera Times

BPSSC Recruitment 2026: कंपनी कमांडर के 65 पदों पर आवेदन शुरू, इस तिथि तक मौका

jobs

पटना: सरकारी नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने गुल्म समादेशक (कंपनी कमांडर) के कुल 65 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

बीपीएसएससी की ओर से कंपनी कमांडर पोस्ट के लिए जारी 65 रिक्तियों में अनारक्षित/सामान्य के 27, अनुसूचित जाति (एससी) के 10, अनुसूचित जनजाति (एसटी) का 1, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के 11, पिछड़ा वर्ग (बीसी) के 8, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 6 और पिछड़ा वर्ग महिला के 2 पद शामिल हैं। कंपनी कमांडर के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्ति होने के लिए जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीपीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री या इससे समकक्ष योग्यता होना चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 24 वर्ष और अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित प्रतियोगी परीक्षा (प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा), शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी), मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी लेवल-6 के तहत प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 100 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि आवेदन शुल्क के भुगतान के बाद ही आपके रजिस्ट्रेशन फॉर्म को स्वीकार किया जाएगा।

Exit mobile version