बिहार डेस्क : बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के काफिले के लिए नई बुलेटप्रूफ गाड़ियों को खरीदने का फैसला किया है। इस योजना पर 15.99 करोड़ रुपये खर्च होंगे और गृह विभाग ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसे अब परिवहन विभाग द्वारा लागू किया जाएगा। बता दें कि इन गाड़ियों को इस प्रकार से डिजाइन किया जाएगा कि वे AK-47 की गोलियों से लेकर विस्फोटों और गैस हमलों जैसी गंभीर स्थितियों में भी पूरी तरह से सुरक्षित रहें। गाड़ियों की सुरक्षा विशेषताओं को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान होने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
गाड़ियों की डिजाइन और विशेषताएँ
आपको बता दें कि यह गाड़ी टोयोटा फॉर्च्यूनर को बुलेटप्रूफ बनाने की योजना के तहत खरीदी जाएगी। टोयोटा फॉर्च्यूनर पहले से ही एडवांस सुरक्षा फीचर्स जैसे एयरबैग्स, ABS, और अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस है। बुलेटप्रूफिंग के बाद इसकी सुरक्षा क्षमता और भी बढ़ जाएगी। इन गाड़ियों का डिजाइन इस तरह से किया जाएगा कि ये शहरी और दुर्गम दोनों प्रकार के इलाकों में सहजता से चल सकें। गाड़ियों का केबिन आरामदायक और विशाल होगा, जिससे वीवीआईपी यात्रियों को पूरी सुरक्षा और सुविधा मिलेगी।
बुलेटप्रूफिंग के विभिन्न स्तर
टोयोटा फॉर्च्यूनर को बुलेटप्रूफिंग के BR3 और BR4 स्तरों के साथ तैयार किया जाएगा…
- BR3 स्तर: यह 35 मैग्नम बुलेट और निचली गति की गोलियों से सुरक्षा प्रदान करता है।
- BR4 स्तर: यह अधिक शक्तिशाली गोलियों और विस्फोटों का सामना कर सकता है।
अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाएँ
बुलेटप्रूफ गाड़ियों में अन्य अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाएँ भी शामिल हो सकती हैं…
- बम चेतावनी अलर्ट: जो किसी बम धमाके के होने से पहले सुरक्षा के उपायों को सक्रिय कर सके।
- टिंटेड विंडोज: जो पैसेंजर की पहचान को छिपाने में मदद करती हैं।
- रन-फ्लैट टायर्स: ये टायर्स पंचर होने के बाद भी कुछ दूरी तक गाड़ी को चलने में सक्षम बनाते हैं।
VVIP सुरक्षा के लिए फॉर्च्यूनर की लोकप्रियता
टोयोटा फॉर्च्यूनर की बुलेटप्रूफ गाड़ी को वीवीआईपी सुरक्षा के लिए देशभर में एक प्रचलित विकल्प माना जाता है। यह गाड़ी गोलियों की बौछार और बम धमाकों के दौरान भी सुरक्षा प्रदान करती है और इसके संरचनात्मक मजबूती के कारण इसके साथ खरोंच भी मुश्किल है। बिहार सरकार द्वारा नई बुलेटप्रूफ गाड़ियों की खरीद से वीवीआईपी सुरक्षा को और भी मजबूत किया जाएगा। इन गाड़ियों की डिजाइन और सुरक्षा विशेषताएँ यह सुनिश्चित करती हैं कि मुख्यमंत्री और राज्यपाल की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

