Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM नीतीश ने सीवान जिले को दी 202 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

January 22, 2026

CM नीतीश ने सीवान जिले को दी 202 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

सीवान। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को सीवान जिले में 157 करोड़ रूपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास किया और 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में सीवान जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कुमार ने जायजा के क्रम में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा में नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण किया। कुमार ने इस दौरान राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा के प्रांगण में सीवान जिले की 202 करोड़ रुपये की लागत से कुल 71 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 157 करोड़ रूपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास एवं 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

मुख्यमंत्री कुमार ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा के प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा सीवान जिले में संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक, स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री कुमार द्वारा तेल प्रसंस्करण इकाई के लिये सूर्यान्स एफ.पी.ओ को 09 लाख 90 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही फार्म मशीनरी बैंक के लिए मुकेश कुमार, ग्राम कयलगढ़ बढ़ेरिया को 08 लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त झोपड़ी मशरूम इकाई के लिये धर्मेंद्र राम को 89,750 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें