पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश में नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच गुरुवार को राजधानी पटना में गंगा नदी के जलस्तर का जायजा लिया और बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की।मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गंगा तट पर पटना के संवेदनशील स्थानों का आकलन किया। उन्होंने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को होने वाली संभावित परेशानी और बाढ़ की आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
चौधरी ने कहा कि प्रशासन अलर्ट रहे और आवश्यकता पड़ने पर लोगों के सुरक्षित निकासी, राहत और आवश्यक सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयार रहे। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया और अधिकारियों को राहत एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया की सभी व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से तटबंधों और अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी करने तथा क्षति या टूटने के किसी भी संकेत की तत्काल सूचना देने को कहा।
चौधरी ने कहा कि स्थिति से निपटने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम पहले से उठाए जाने चाहिए।

