Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार में गरजे सीएम योगी, कहा- लालटेन का केरोसिन बेचकर अंधेरा करने वाले अब राशन हजम करने की तैयारी में हैं

November 7, 2025

बिहार में गरजे सीएम योगी, कहा- लालटेन का केरोसिन बेचकर अंधेरा करने वाले अब राशन हजम करने की तैयारी में हैं

पूर्वी चम्पारण। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रक्सौल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग लालटेन की केरोसिन बेचकर बिहार को अंधेरे में झोंकते थे, वही अब फिर आए हैं आपका राशन हजम करने के लिए। बिहार को अब जंगलराज नहीं, बल्कि सुशासन और समृद्धि की राह पर बढ़ाना है और यह काम केवल एनडीए की डबल इंजन सरकार ही कर सकती है।

सीएम योगी ने कहा कि यह चुनाव सुशासन बनाम जंगलराज का है। बिहार को 1990 से 2005 के बीच जातीय संघर्ष, नरसंहार, अपहरण और डकैती के दौर में झोंकने वाले अब फिर नई पैकिंग में वोट मांगने निकले हैं। याद करिए ना, यह वही लोग हैं जिन लोगों ने लालटेन की धुंधली लाइट में बिहार में जातीय संघर्ष करवाया था। यह वही लोग हैं जो लालटेन की केरोसिन को बेच करके अंधेरा करते थे, फिर घरों में डकैती भी डालते थे। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार ने विकास की नई उड़ान भरी है। आज यहां सड़क, रेल, एयर कनेक्टिविटी, मेट्रो, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल संस्थान और एम्स तक हैं। सुशासन और सुरक्षा की नींव पर ही निवेश आता है और निवेश से ही रोजगार पैदा होते हैं।

 

उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमने यूपी में 8 साल में 8.5 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी और 2 करोड़ से अधिक को स्व-रोजगार से जोड़ा। अब नौजवान पलायन नहीं करते, क्योंकि रोजगार घर के पास है, और यही मॉडल बिहार में भी लाना है।

विपक्ष पर प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो लोग पहले चारा खा गए, अब राशन खाने आए हैं। यह वही लोग हैं जिन्होंने नौजवानों को बेरोजगारी और अपराध के अंधेरे में धकेला। अब फिर जातीय नफरत और लूट का राज वापस लाना चाहते हैं। लेकिन बिहार की जनता अब समझदार है; वह विकास और विरासत के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चलने की परंपरा दी है। कांग्रेस और राजद ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, लेकिन आज अयोध्या में भव्य रामलला मंदिर बनकर तैयार है। अब सीतामढ़ी में मां जानकी के मंदिर का भव्य निर्माण भी चल रहा है। ये सब कार्य वही कर सकते हैं जो विरासत का सम्मान जानते हैं, विकास का अर्थ समझते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को 5 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य सुविधा, 4 करोड़ घरों में बिजली कनेक्शन, 3 करोड़ आवास और 1 करोड़ 41 लाख बहनों के खातों में सीधे पैसे भेजने का काम केवल एनडीए ने किया है। यह वादे नहीं, धरातल पर उतरे परिवर्तन हैं।

ये भी पढ़ेंः ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे, पीएम मोदी ने कहा- ‘वंदे मातरम का मतलब संकल्पों की सिद्धि’

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें