
पटना: बिहार में नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है और गंगा, कोसी, गंडक, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और घाघरा समेत कई प्रमुख नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
बिहार में मंगलवार कि सुबह गंगा के पटना स्थित दीघा, गांधी घाट और हाथीदह तथा गंडक के डुमरिया घाट और हाजीपुर में जलस्तर में गिरावट दर्ज की गयी है, लेकिन कोसी, पुनपुन, बूढ़ी गंडक और गंगा के पूर्वी हिस्सों में पानी बढ़ने से स्थिति पर लगातार निगरानी की जरूरत बनी हुई है।
जल संसाधन विभाग की आज सुबह छह बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, कोसी नदी खगड़िया जिले के बलतारा में खतरे के निशान से 1.30 मीटर ऊपर बह रही है। यहां जलस्तर बढ़ने की प्रवृत्ति दर्ज की गयी है। कटिहार जिले के कुर्सेला में कोसी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.40 मीटर ऊपर पहुंच गया है और यहां भी पानी लगातार बढ़ रहा है। कोसी के दोनों प्रमुख स्थलों पर जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए नदी के आसपास के निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ाना महत्वपूर्ण हो गया है।
गंडक नदी का जलस्तर गोपालगंज के डुमरिया घाट में खतरे के निशान से 0.53 मीटर तथा वैशाली के हाजीपुर में 0.02 मीटर ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि दोनों स्थानों पर जलस्तर गिर रहा है। मुजफ्फरपुर के बेनीबाद में बागमती नदी खतरे के निशान से 0.25 मीटर ऊपर है और जलस्तर स्थिर बना हुआ है। खगड़िया में बूढ़ी गंडक खतरे के निशान से 1.98 मीटर ऊपर बह रही है और यहां पानी बढ़ रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...