Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

फायरिंग मामले में खान सर ने दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका, दोनों गार्ड के मामले में फैसला सुरक्ष‍ित

June 8, 2026

फायरिंग मामले में खान सर ने दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका, दोनों गार्ड के मामले में फैसला सुरक्ष‍ित

नेशनल डेस्कः पटना में खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और हंगामे के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जहां, संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होगी। वहीं,  मामले में गिरफ्तार उनके दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी कोर्ट ने सुनवाई पूरी कर ली है और आदेश सुरक्षित रख लिया है।

खान सर ने दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका
खान सर के वकील अरविंद कुमार मौआर ने बताया कि उनके मुवक्किल की ओर से अग्रिम जमानत के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उनका कहना है कि खान सर निर्दोष हैं और उन्हें साजिश के तहत इस मामले में फंसाया जा रहा है। अब अदालत में उनका पक्ष रखा जाएगा और कानून के अनुसार न्याय की मांग की जाएगी।

पुलिस अब तक नहीं पहुंच सकी खान सर तक
मामले में एफआईआर में नाम जुड़ने के बाद से ही खान सर की गिरफ्तारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, घटना के चार दिन बाद भी पुलिस उन्हें पकड़ नहीं सकी है। उनके ठिकाने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

सरेंडर की अफवाहों को वकील ने बताया गलत
शनिवार को पटना सिविल कोर्ट परिसर में पूरे दिन इस बात की चर्चा रही कि खान सर आत्मसमर्पण कर सकते हैं। लेकिन उनके वकील ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि खान सर के सरेंडर करने का कोई सवाल ही नहीं उठता और वे कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष अदालत में रखेंगे।

सुरक्षा गार्डों के बयान से बढ़ी परेशानी
फायरिंग मामले में गिरफ्तार खान सर के दो सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर दो-दो राउंड गोलियां चलाई थीं। गार्डों के इस बयान के बाद पुलिस ने फैजल खान का नाम भी प्राथमिकी में जोड़ दिया। इसके बाद से मामले ने नया मोड़ ले लिया और खान सर की कानूनी मुश्किलें बढ़ गईं।

जमानत का विरोध कर रहा दूसरा पक्ष
सूत्रों के अनुसार ज्ञान बिंदु कोचिंग के पक्ष के वकील ने अदालत में जमानत का विरोध किया है। उनका कहना है कि गोलीबारी जानबूझकर की गई थी, इसलिए आरोपियों को राहत नहीं दी जानी चाहिए। दूसरी ओर, खान सर का पक्ष इसे साजिश बताकर अदालत से राहत की मांग कर रहा है।

फायर सेफ्टी जांच में मिली कई खामियां
फायरिंग विवाद के बीच प्रशासन ने खान ग्लोबल स्टडीज और उससे जुड़े अस्पताल परिसर का फायर सेफ्टी ऑडिट भी कराया। जांच के दौरान कई सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं। इसके बाद संबंधित प्रबंधन को एक सप्ताह का समय दिया गया है ताकि वे सभी कमियों को दूर कर सकें। फायर विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि 15 जून तक आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रौशन आनंद पहले ही जा चुके हैं जेल
गौरतलब है कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुए विवाद और हंगामे के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वहीं, फायरिंग मामले में खान सर के दो सुरक्षा गार्ड भी पहले से जेल में हैं।

छात्र नेता ने उठाए कई सवाल
इस पूरे मामले पर छात्र नेता दिलीप कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ते विवाद और फायरिंग जैसी घटनाएं बिहार की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने दोनों पक्षों से विवाद खत्म करने की अपील की। दिलीप कुमार ने यह भी सवाल उठाया कि जब रौशन आनंद की गिरफ्तारी हो सकती है तो खान सर के मामले में अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

कोर्ट की सुनवाई पर टिकी सबकी नजर
फिलहाल इस मामले में सभी की नजर पटना सिविल कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई है। अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत का फैसला और पुलिस की अगली कार्रवाई इस मामले की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है। आने वाले दिनों में यह मामला और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें