Site icon Dainik Savera Times

विधान परिषद चुनाव: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह सहित NDA के सभी उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

pawan singh file nominations

पटनाः बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर सोमवार को जदयू के निशांत कुमार सहित एनडीए के सभी नौ उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन आज राजद के सुनील सिंह ने भी पर्चा भरा। आवश्यकता पड़ने पर विधान परिषद की नौ सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को प्रस्तावित है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जा रहा है।

एनडीए में शामिल भाजपा और जदयू ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जदयू ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार, डॉ. भारती मेहता, जो पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता हैं, और शिवानी प्रजापति, जो पश्चिम चंपारण जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं, को भी उम्मीदवार बनाया है।

 

जदयू ने ललन प्रसाद को भी विधान परिषद भेजने का फैसला लिया है। लोजपा (रामविलास) की ओर से अशरफ अंसारी को प्रत्याशी बनाया है। इन सभी प्रत्याशियों ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी , केंद्रीय मंत्री लालन सिंह, चिराग पासवान सहित एनडीए के घटक दलों के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानमंडल परिसर पहुंचने के बाद लोगों को विक्ट्री का साइन दिखाकर एनडीए के सभी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।

विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से एनडीए की आठ सीटों पर जीत पक्की है। महागठबंधन की ओर से राजद नेता सुनील सिंह ने अपना नामांकन भरा है। हालांकि, पार्टी के भीतर ही उनकी उम्मीदवारी पर सवाल उठने लगे हैं। राजद अध्यक्ष लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सुनील सिंह के नाम पर आपत्ति जताते हुए सीधे तौर पर तेजस्वी यादव की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है, जिससे महागठबंधन में आंतरिक खींचतान स्पष्ट दिख रही है।

 

Exit mobile version