पटना: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में इन दिनों एक अनोखा एटीएम लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है। आमतौर पर लोग एटीएम में पैसे निकालने जाते हैं, लेकिन यहां का नजारा बिल्कुल अलग है। बाहर से देखने पर यह जगह पूरी तरह किसी बैंक के एटीएम जैसी लगती है। नीले रंग का केबिन, एसबीआई (SBI) का बोर्ड और कांच का दरवाजा देखकर कोई भी यही समझेगा कि यहां एटीएम मशीन लगी है। लेकिन जैसे ही लोग अंदर जाते हैं, वहां पैसे निकालने वाली मशीन नहीं बल्कि हेयर कटिंग सैलून दिखाई देता है। अंदर सैलून की कुर्सियां, बड़े आईने और बाल काटते नाई नजर आते हैं। यही वजह है कि यह ‘एटीएम सैलून’ लोगों के लिए हैरानी और मजाक का कारण बना हुआ है।
एटीएम के अंदर चल रहा है सैलून
दानापुर के इस अनोखे केबिन को देखकर लोग पहले तो खुश हो जाते हैं कि उन्हें एटीएम मिल गया। कई लोग कार्ड लेकर पैसे निकालने के लिए अंदर पहुंचते हैं, लेकिन वहां का दृश्य देखकर चौंक जाते हैं। जहां पहले एटीएम मशीन हुआ करती थी, अब वहां सैलून की आधुनिक कुर्सियां लगी हुई हैं। लोग कुछ पल के लिए समझ ही नहीं पाते कि आखिर यह एटीएम है या हेयर कटिंग शॉप। पहली बार आने वाले लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाते।
कैसे एटीएम बन गया सैलून?
इस पूरे मामले के पीछे एक दिलचस्प कहानी है। दरअसल, पहले इस जगह पर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का असली एटीएम था। बाद में किसी वजह से बैंक ने यहां की एटीएम सेवा बंद कर दी। इसके बाद मकान मालिक ने खाली पड़े केबिन को किराए पर दे दिया। नए किराएदार ने वहां सैलून शुरू कर दिया, लेकिन उसने एटीएम का बाहरी ढांचा और बैंक का बोर्ड नहीं हटाया। इसी कारण बाहर से यह जगह आज भी एटीएम जैसी दिखाई देती है।
ये है पूरा मामला
पहले यहां SBI का एटीएम चलता था। जिसके बाद बैंक ने बाद में एटीएम बंद कर दिया। खाली जगह को किराए पर दे दिया गया। किराएदार ने वहां सैलून खोल लिया। बाहर का एटीएम वाला सेटअप वैसे ही रहने दिया गया।
रोज लोग पहुंच जाते हैं पैसे निकालने
सैलून चलाने वाले व्यक्ति का कहना है कि हर दिन कई लोग यहां पैसे निकालने की उम्मीद में पहुंचते हैं। बाहर लगे SBI के बोर्ड और एटीएम जैसी बनावट को देखकर लोगों को लगता है कि मशीन चालू है। लेकिन जैसे ही वे अंदर जाते हैं, उन्हें मशीन की जगह बाल कटवाते ग्राहक और काम करते नाई दिखाई देते हैं। कई लोग पहले हैरान होते हैं और फिर हंसने लगते हैं। यह नजारा आसपास के लोगों के लिए भी मनोरंजन का कारण बन गया है।
सोशल मीडिया पर भी हो रही चर्चा
दानापुर का यह अनोखा ‘एटीएम सैलून’ अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसकी तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रहे हैं। कई लोग मजाक में कह रहे हैं कि यहां “कैश नहीं, हेयरकट मिलता है।” यह अनोखी घटना लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गई है और जो भी इस रास्ते से गुजरता है, एक बार इस ‘एटीएम सैलून’ को जरूर देखता है।