बिहार डेस्क। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में एक बार फिर उतरे। इस दौरान उन्होंने बिहार के बेगूसराय में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। बिहार के लोग दुनिया भर में आगे हैं लेकिन यहां पिछड़े हुए हैं। यहां की सरकार नहीं चाहती है कि बिहार के लोग आगे बढ़ें। वे यहां के लोगों की मदद नहीं करते। वे चाहते हैं कि यहां के लोग मजदूरी करते रहें। उन्होंने कहा कि दुबई जैसा शहर बिहार के लोगों ने बनाया है, लेकिन वे यहां कुछ नहीं कर पाते।
LIVE: Public Meeting | Begusarai, Bihar https://t.co/Lawk5rQjPw
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 2, 2025
हम ऐसा विश्वविद्यालय खोलेंगे जहां दुनिया के लोग पढ़ने आएंगे
महागठबंधन की सरकार आएगी तो यहां बेहतरीन शिक्षा व्यवस्था की जाएगी। हम ऐसा विश्वविद्यालय खोलेंगे जहां दुनिया के लोग पढ़ने आएंगे। यहां के लोग दुनिया में मेहनत कर उसे बनाते हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए आगे कहा कि यहां जो महागठबंधन की सरकार बनने वाली है वह हर धर्म, हर जाति की सरकार होगी। इसमें हर वर्ग के लिए जगह होगी और सभी का सम्मान होगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हमने अतिपिछड़ा वर्ग के लिए एक ‘स्पेशल मेनिफेस्टो’ बनाया है, जिसे हम लागू करेंगे। हम सबको लेकर आगे बढ़ेंगे। किसी को यह सरकार पीछे नहीं छोड़ेगी। हमारी प्राथमिकता छोटे व्यापारी होंगे।
उन्होंने केंद्र सरकार पर गलत GST लागू करने और नोटबंदी करने को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि इससे छोटा व्यापार बंद हो गया। हमारी सोच है कि यहां छोटे-छोटे व्यापार शुरू हों और लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने महागठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा कि बिहार में चुनाव आयोग ने महागठबंधन के वोटरों को काटकर बाहर निकाला है। उन्होंने लोगों से वोट चोरी रोकने की भी अपील करते हुए कहा कि ये लोग बिहार में भी वोट चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि चुनाव आते हैं और जाते हैं। इस चुनाव में कोई जीते, कोई हारे, लेकिन वे बिहार के लोगों की मदद के लिए आते रहेंगे। यहां के लोग जब भी आवाज देंगे, वे उनके बीच आ जाएंगे।
ये भी पढ़ेंः बिहार में बोले अमित शाह, ‘जंगलराज’ वाले कपड़ा और चेहरा बदलकर लोगों के बीच फिर से आ रहे हैं