Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘बाबा’ ने संभाली डॉक्टर की कुर्सी… इमरजेंसी वार्ड में ‘झाड़-फूंक’ से करने लगा मरीज़ का इलाज

December 5, 2025

‘बाबा’ ने संभाली डॉक्टर की कुर्सी… इमरजेंसी वार्ड में ‘झाड़-फूंक’ से करने लगा मरीज़ का इलाज

Bihar viral news: बिहार के समस्तीपुर सदर अस्पताल में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही को फिर कटघरे में खड़ा कर दिया। आपको बता दें कि इमरजेंसी वार्ड जैसे संवेदनशील क्षेत्र में एक कथित ‘भगत’ द्वारा खुलेआम झाड़-फूंक किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि भगत बेझिझक मरीज के पास बैठकर मंत्रोच्चार कर रहा है, जबकि आसपास मौजूद नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा कर्मी पूरी तरह निष्क्रिय दिखाई देते हैं।

मरीज के परिजनों ने बुलाया भगत

मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला मुक्तापुर थाना क्षेत्र के चकदौलतपुर गांव की रहने वाली फूलो देवी हैं। महिला के पेट दर्द बढ़ने पर परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्रारंभिक उपचार किया, परंतु जब तुरंत राहत नहीं मिली तो परिजन अंधविश्वास के चक्कर में पड़ गए और स्थानीय भगत को अस्पताल में बुला लिया। बताया जा रहा है कि भगत करीब 15 से 20 मिनट तक इमरजेंसी में बैठकर झाड़-फूंक करता रहा और किसी ने भी उसे रोकने की कोशिश नहीं की।

न रोक-टोक, न ऐतराज

अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के अनुसार घटना के दौरान डॉक्टरों, नर्सों और गार्ड की चुप्पी सबसे अधिक चौंकाने वाली रही। कई लोगों ने कहा कि सरकारी अस्पताल में अंधविश्वास को बढ़ावा मिलना बेहद गंभीर बात है। जहां वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति अपनाई जानी चाहिए, वहीं कर्मियों की उदासीनता ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन हरकत में आया

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अस्पताल परिसर में ऐसी गतिविधियों की कोई जगह न हो। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। अस्पताल के डीएस ने स्पष्ट किया कि इमरजेंसी वार्ड में इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है। स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और अस्पतालों में मरीजों को सुरक्षित, वैज्ञानिक और विश्वसनीय चिकित्सा मिले।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें