Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

छठ-दिवाली से पहले सम्राट चौधरी ने Amrit Bharat Express समेत सात नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी 

September 29, 2025

छठ-दिवाली से पहले सम्राट चौधरी ने Amrit Bharat Express समेत सात नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी 

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना जंक्शन से और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से डिजिटल माध्यम से तीन अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कुल सात नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों के मुताबिक, नई ट्रेनों में मुजफ्फरपुर-चर्लपल्ली, दरभंगा-मदार और छपरा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इनसे दक्षिण भारत और दिल्ली की यात्र और अधिक सुगम होगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पटना-बक्सर, झाझा-दानापुर, पटना-इस्लामपुर और शेखपुरा-बरबीघा-बिहार शरीफ होते हुए नवादा-पटना पैसेंजर ट्रेनों की भी शुरुआत की गई। विशेष रूप से शेखपुरा-बरबीघा-बिहार शरीफ रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन इस क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना था, जो अब साकार हो गया है। चौधरी ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन आधुनिक सुविधाओं और किफायती यात्र की प्रतीक है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे विकास को नई दिशा मिल रही
इन नई ट्रेनों के शुरू होने के बाद अब बिहार से कुल 13 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलेंगी, जिससे प्रदेश की कनेक्टिविटी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार में रेलवे विकास को नई दिशा मिल रही है। चौधरी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने इस वर्ष बिहार के लिए रिकॉर्ड 10,066 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जो पिछली सरकारों की तुलना में नौ गुना अधिक है और इसी का नतीजा है कि नई रेल लाइनें, दोहरीकरण, विद्युतीकरण और स्टेशन विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं।

नई रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी मिली
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रेल सुविधाओं को और मजबूत बनाने के लिए पटना जंक्शन पर नया टर्मिनल, फतुहा में मेगा कोचिंग टर्मिनल और झाझा-डीडीयू के बीच तीसरी व चौथी लाइन निर्माण की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड के दोहरीकरण और सुल्तानगंज-कटोरिया पर नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी जा चुकी है। गंगा नदी पर बन रहे कई रेल एवं सड़क पुलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इनमें बिक्रमशिला के पास नया पुल, मोकामा में राजेंद्र सेतु के समानांतर पुल और भागलपुर के पास बिक्रमशिला और कटरिया के मध्य गंगा नदी पर एक और पुल शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से उत्तर और दक्षिण बिहार का जुड़ाव और मजबूत होगा। चौधरी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 3,164 करोड़ रुपये की लागत से बिहार के 98 स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि रेलवे बिहार के विकास की रीढ़ है और आने वाले वर्षों में राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें