Site icon Dainik Savera Times

दर्दनाक हादसाः श्राद्ध भोज खा रहे लोगों को पिकअप ने कुचला, 2 की मौत, कई लोग घायल

accident

road accident

सीतामढ़ीः बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां, जिले के परसौनी थाना क्षेत्र के गिसारा गांव में श्राद्ध कर्म के भोज की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप गाड़ी अचानक वहां मौजूद लोगों की भीड़ में घुस गई। पिकअप ने एक के बाद एक कई लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की ये हुई पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गिसारा गांव के रहने वाले 80 वर्षीय योगेश्वर पासवान और डुमरा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी मांझी पासवान के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार योगेश्वर पासवान श्राद्ध भोज की तैयारियों के दौरान सड़क किनारे बैठे हुए थे। वहीं,  मांझी पासवान अपनी बहन की तेरहवीं के भोज में शामिल होने के लिए गिसारा गांव आए थे। इसी दौरान दोनों पिकअप की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।

बाइक से टकराई पिकअप, चालक के साथ हुआ विवाद
परिजनों ने बताया कि गांव में एक पिकअप गाड़ी से धान उतारा जा रहा था। धान उतारने के बाद चालक गाड़ी को पीछे कर रहा था। इसी दौरान पिकअप वहां खड़ी बालम कुमार की बाइक से टकरा गई।

बाइक में टक्कर लगने के बाद बालम कुमार और पिकअप चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर चालक मुन्ना बैठा ने पिकअप की रफ्तार तेज कर दी।

चालक गाड़ी से कूदा,  बेकाबू पिकअप भीड़ में घुसी
आरोपों के मुताबिक, विवाद के बाद चालक ने तेज रफ्तार से पिकअप आगे बढ़ा दी और खुद चलती गाड़ी से कूद गया। इसके बाद बिना चालक के पिकअप तेजी से आगे बढ़ती हुई श्राद्ध भोज की तैयारियों में जुटे लोगों की भीड़ में जा घुसी।

अचानक सामने से तेज रफ्तार में पिकअप आती देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कई लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पिकअप ने करीब एक दर्जन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

गांव के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के तुरंत बाद गांव के लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जांच में जुटी पुलिस टीम
घटना की जानकारी मिलते ही परसौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया है। वहीं, दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

 

Exit mobile version