Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिवान: PM मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा नेताओं की बैठक, रणनीति पर चर्चा

June 9, 2025

सिवान: PM मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा नेताओं की बैठक, रणनीति पर चर्चा

सिवान। बिहार के सिवान जिले के जसौली गांव में 20 जून को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को लेकर सोमवार को एनडीए की सारण प्रमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सहित सिवान, छपरा और गोपालगंज के वर्तमान एवं पूर्व सांसद-विधायक शामिल हुए।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के क्रम में भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 11 साल के प्रधानमंत्रित्व काल में 52वीं बार बिहार आ रहे हैं। 20 जून को वे सिवान में ऐतिहासिक रैली को संबोधित करेंगे और बिहार को कई सौगात भी देंगे।

इस बैठक में कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि हर गांव, हर पंचायत और हर बूथ से अधिकतम लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए गांव-स्तरीय समितियां गठित कर लोगों को आमंत्रित करने और प्रचार-प्रसार को तेज करने की योजना बनाई गई। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी बिहार के लोगों से प्यार करते हैं और विकसित बिहार बने, इसकी चिंता भी करते हैं। पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नारा है कि देश झुकेगा नहीं और बिहार का विकास रुकेगा नहीं।

उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के पूर्व की सभी रैलियों का रिकॉर्ड सिवान में टूटने वाला है। वहीं, एनडीए में किसी भी प्रकार के मतभेद की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने स्पष्ट किया कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी घटक दल एक साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं और इस कार्यक्रम में भी सभी की भागीदारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें