Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज प्रताप यादव ने PA मोतिलाल पर लगाए चोरी के आरोप: घर से 20 लाख नकद, सोना और 4 iPhone गायब

June 23, 2026

तेज प्रताप यादव ने PA मोतिलाल पर लगाए चोरी के आरोप: घर से 20 लाख नकद, सोना और 4 iPhone गायब

पटना: बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाना में लिखित शिकायत देकर नकद राशि और अन्य कीमती सामान चोरी करने का आरोप लगाया है।

शिकायत में उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। राजद अध्यक्ष लालू यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा कि मोतीलाल राय ने उनके पटना स्थित 42, हार्डिंग रोड आवास से लगभग 20 लाख रुपए नकद तथा अन्य मूल्यवान सामान चोरी कर लिया।

मोतीलाल राय उनके निजी सहायक के रूप में कार्यरत था। उनके अनुसार यह नकद राशि पार्टी फंड से संबंधित थी। शिकायत के मुताबिक चोरी गए सामान में 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी कंपनी की चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन शामिल हैं।

आवेदन में तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि घटना 22 जून 2026 की रात की है। उन्होंने कहा कि रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और आवास पर रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा। दोनों को उन्होंने इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है।

पूर्व मंत्री ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और चोरी गए नकद एवं सामान की शीघ्र बरामदगी कराई जाए। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें