पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां, दानापुर थाना क्षेत्र के गोला रोड पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार और बेकाबू थार गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, गोला रोड पर थार गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में चल रही थी। चालक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों को एक-एक कर टक्कर मारता चला गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान कई अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आए। हादसा इतना अचानक था कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। थार का चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
6 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर
इस भीषण हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। किसी के पैर में फ्रैक्चर है तो कोई खून से लथपथ सड़क पर पड़ा मिला। एक महिला की हालत इतनी खराब थी कि वह खुद से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देखें वीडियोः CM Mann ਤੇ AAP ਸੁਪਰੀਮੋ Arvind Kejriwal ਦਾ ਅੱਜ ਲੁਧਿਆਣਾ ਦੌਰਾ
गुस्साई भीड़ ने थार में लगाई आग
हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने थार गाड़ी में आग लगा दी। देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। टायर, सीट और अंदर का सारा सामान जल गया, सिर्फ जला हुआ लोहे का ढांचा बचा, जिसे पहचान पाना भी मुश्किल हो गया कि यह थार थी।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही दानापुर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी
पुलिस ने फरार थार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ेंः Todays Horoscope 8 जनवरी 2026: मिथुन और तुला राशि वालों को आज मिलेगी खुशखबरी, जानें बाकि राशियों का हाल

