Site icon Dainik Savera Times

बिहार में भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में तीन गिरफ्तार

पटना: बिहार में सरकारी भर्ती परीक्षा के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (बीपीएसएससी) की हवलदार प्रशिक्षक परीक्षा, जो पहले पांच अगस्त को आयोजित होनी थी, उसे अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना निवासी राज समदर्शी उर्फ राजा (25), वैशाली निवासी अभिषेक कुमार (21) और वैशाली के नितेश कुमार (28) के रूप में हुई है। नितेश बायोमेट्रिक पर्यवेक्षक है।

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की ओर से जारी बयान के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि राज समदर्शी बुधवार को आयोजित होने वाली होमगार्ड सेवा प्रशिक्षक परीक्षा के लिए हाजीपुर के एक परीक्षा केंद्र में बैठेगा, इसके बाद उसे पकड़ा गया। इसके अनुसार, पूछताछ के दौरान समदर्शी ने अभिषेक की संलिप्तता का खुलासा किया।

बयान के अनुसार, उसने यह भी दावा किया कि इसी तरह का तरीका इस वर्ष अप्रैल में आयोजित सहायक निर्वाचन विकास अधिकारी (एईडीओ) परीक्षा में भी अपनाया गया था। पुलिस का आरोप है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र के उत्तर बायोमेट्रिक पर्यवेक्षक नितेश कुमार के माध्यम से राज समदर्शी तक पहुंचाए गए थे।

इस मामले में आर्थिक अपराध थाने में बृहस्पतिवार को बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम की धारा 10 और 11(1) के तहत एक मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी में चार अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। जांचकर्ताओं के अनुसार, राज समदर्शी और अभिषेक के कब्जे से जब्त मोबाइल फोन की जांच के दौरान परीक्षा से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए गए, जिनमें प्रवेश पत्र और उत्तर-पत्रक शामिल हैं।

Exit mobile version