Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी और शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक शुरू, व्यापार और रणनीतिक मुद्दों चर्चा संभव

August 31, 2025

PM मोदी और शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक शुरू, व्यापार और रणनीतिक मुद्दों चर्चा संभव

इंटरनेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच आज तिआनजिन के यिंगबिन होटल में एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हो रही है। यह वार्ता शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हो रही है, जिससे इसे और भी खास माना जा रहा है। यह बैठक करीब 40 मिनट तक चलने वाली है।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार देर शाम जापान की द्विपक्षीय यात्रा समाप्त करने के बाद तिआनजिन पहुंचे। उनका स्वागत चीन की धरती पर बेहद सांस्कृतिक और गर्मजोशी भरे अंदाज़ में हुआ। भारतीय वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों जैसे सितार, संतूर और तबला के साथ-साथ भरतनाट्यम की सुंदर प्रस्तुति ने स्वागत समारोह को यादगार बना दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, “… आज दुनिया सदी में एक बार होने वाले बदलावों से गुज़र रही है। अंतर्राष्ट्रीय स्थिति अस्थिर और अराजक दोनों है… इस वर्ष चीन-भारत राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ है। दोनों पक्षों को अपने संबंधों को रणनीतिक ऊँचाई और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से देखने और संभालने की आवश्यकता है। हमें बहुपक्षवाद को बनाए रखने, एक बहुध्रुवीय विश्व और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में अधिक लोकतंत्र लाने के लिए मिलकर काम करने, और एशिया और दुनिया भर में शांति और समृद्धि में अपना सच्चा योगदान देने की अपनी ऐतिहासिक ज़िम्मेदारी को भी पूरा करना होगा…”

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की चीन द्वारा सफल अध्यक्षता के लिए आपको बधाई देता हूं। चीन यात्रा के निमंत्रण और आज की हमारी बैठक के लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं।”

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारे विशेष प्रतिनिधियों के बीच सीमा प्रबंधन को लेकर एक समझौता हुआ है। कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हुई है। दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें भी फिर से शुरू की जा रही हैं। दोनों देशों के 2.8 अरब लोगों के हित हमारे सहयोग से जुड़े हैं। इससे संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग भी प्रशस्त होगा। हम आपसी विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता के आधार पर अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

सात साल बाद चीन यात्रा पर मोदी

यह प्रधानमंत्री मोदी की चीन की सात वर्षों बाद की पहली आधिकारिक यात्रा है, जबकि शी जिनपिंग के साथ यह उनकी इस साल की दूसरी मुलाकात है। पिछली बार दोनों नेताओं की भेंट जुलाई 2024 में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान रूस के कजान शहर में हुई थी।

हालांकि बहुपक्षीय मंचों पर मेजबान देशों के साथ द्विपक्षीय बैठकें सामान्य हैं, लेकिन मौजूदा वैश्विक परिप्रेक्ष्य में यह मुलाकात विशेष महत्व रखती है। अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक संबंधों में आई खटास खासतौर पर रूस से तेल खरीद को लेकर अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने के बाद मोदी-शी वार्ता को सामरिक दृष्टिकोण से और भी अहम बना देती है।

प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत

तिआनजिन में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। इससे यह भी साफ होता है कि भारतीय प्रवासी प्रधानमंत्री की वैश्विक नेतृत्व भूमिका को लेकर कितने उत्साहित हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें