Site icon Dainik Savera Times

जन्मदिन की पार्टी के बीच खूनी खेल! स्कूटी पैर से टकराने पर हुआ विवाद, 25 साल के लड़के की पीट-पीटकर हत्या

Birthday Party Murder

Birthday Party Murder

Birthday Party Murder: नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्र के अंतर्गत नयाबांस गांव के पास एक पार्क में जन्मदिन की पार्टी के दौरान स्कूटी टकराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई जबकि उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 और 9 नवंबर की मध्यरात्रि को नयाबांस गांव के पास स्थित एक पार्क में अमित (25) अपने दोस्तों शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद के साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि देर रात जब सभी युवक स्कूटी से वहां से जाने लगे तो उनकी स्कूटी पार्क में मौजूद एक अन्य युवक के पैर से टकरा गई। उक्त युवक अपने कुछ साथियों के साथ पार्क में ही एक दोस्त का जन्मदिन मना रहा था। स्कूटी टकराने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हमलावरों की मारपीट में अमित के सिर पर गंभीर चोट लग गई।

ये भी पढ़ें- मातम में बदलीं दीपावली की खुशियां! सराफा कारोबारी के घर लगी भीषण आग, छह लोग जिंदा जले

 

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुई मौत
वहीं, उसके दोस्त शिवम के सिर में भी चोट आई। घटना के बाद दोनों घायलों को उनके दोस्त तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमित की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिवम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

घायल का उपचार जारी
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल शिवम की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना फेज-1 पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मौके से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। मृतक अमित के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिससे मौत के कारणों की विधिवत पुष्टि हो सके।

ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड की बढ़ी मुश्किल! चोटों के कारण कई अहम खिलाड़ी हुए बाहर

 

संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह स्कूटी का एक युवक के पैर से टकराना सामने आया है। मामूली बात पर शुरू हुए इस विवाद में एक युवक की जान चली गई।

Exit mobile version