Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ीं! पानी के सैंपल में मिले संदिग्ध तत्व, कंपनी बोली- जांच के नतीजे अलग-अलग

November 23, 2026

बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ीं! पानी के सैंपल में मिले संदिग्ध तत्व, कंपनी बोली- जांच के नतीजे अलग-अलग

Bisleri: पैकेज्ड पेयजल निर्माता बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की कंपनी के खिलाफ कार्रवाई सितंबर 2025 में उसकी गोवा स्थित विनिर्माण इकाई से लिए गए पानी के एक सैंपल से संबंधित है। कंपनी ने दावा किया कि बाद में की गई जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया था।

कंपनी का यह बयान FSSAI द्वारा बिसलेरी के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही को मंजूरी देने की घोषणा के बाद आया है। प्रयोगशाला जांच में पैकेज्ड पेयजल के एक सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया था। एक बयान में बिसलेरी ने कहा कि यह मामला उसकी गोवा इकाई में उत्पादित एक बैच से संबंधित है। यह इकाई देशभर में कंपनी की 143 विनिर्माण इकाइयों में से एक है।

बिसलेरी ने बताया कि FSSAI ने 30 सितंबर, 2025 को प्लांट से छह सैंपल एकत्र किए थे। इनमें से पांच सैंपल नियामकीय मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर से अधिक था।

ये भी पढ़ें- IND vs NZ 1st Test: ड्रॉ के बाद शुभमन गिल का बड़ा खुलासा, कहा- 10 विकेट लेना आसान…

 

कंपनी ने कहा कि उसने बाद में इस जांच के निष्कर्षों के खिलाफ अपील की, जिसके बाद सैंपल की जांच एक रेफरल प्रयोगशाला में की गई। कंपनी ने यह भी बताया कि रेफरल प्रयोगशाला ने ब्रोमेट का स्तर अनुमेय सीमा के भीतर पाया, लेकिन अलग से सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHS) की मौजूदगी की जानकारी दी।

नतीजों में अंतर से उठे सवाल
कंपनी ने कहा, “दोनों जांच के नतीजों में अंतर से कुछ सवाल उठे, जिनके बारे में बिसलेरी का मानना था कि स्पष्टीकरण दिया जाना जरूरी है।” बिसलेरी ने कहा कि उसने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में भी कराई, जहां ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। कंपनी ने फरवरी 2026 में स्वतंत्र जांच के नतीजे FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए थे और इसके बाद उसे कोई और सूचना प्राप्त नहीं हुई।

कंपनी के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही को मंजूरी
रविवार को FSSAI ने कहा था कि रेफरल प्रयोगशाला ने भी PAHS की मौजूदगी के कारण सैंपल को असुरक्षित घोषित किया था और कंपनी के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही को मंजूरी दे दी गई है।

ये भी पढ़ें- CM YOGI ने ‘जनता दर्शन’ में गोंडा से आए कक्षा-8 के बच्चे को दिया मार्गदर्शन

 

अपने उत्पादों को उपभोग के लिए सुरक्षित बताते हुए बिसलेरी ने कहा कि वह अपनी 10 चरणों वाली विनिर्माण प्रक्रिया के दौरान गुणवत्ता की 90 से अधिक जांच करती है। कंपनी ने कहा कि वह उचित कानूनी और नियामकीय माध्यमों से नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें