नई दिल्लीः बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अन्नामलाई ने मंगलवार को नितिन नवीन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद पार्टी में उन्हें मनाने की कोशिशें भी की जा रही थीं।
बीजेपी लगातार यह कह रही थी कि तमिलनाडु इकाई में पूरी तरह एकता बनी हुई है। पार्टी का यह भी दावा था कि अन्नामलाई ने न तो पूरी तरह इस्तीफा दिया है और न ही किसी नई पार्टी बनाने की योजना है। हालांकि अब उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।

दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात
मंगलवार को दिल्ली पहुंचे अन्नामलाई ने कई बड़े नेताओं से मुलाकात की, जिनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व बीजेपी के संगठन महासचिव बी.एल. संतोष शामिल थे। इन बैठकों में पार्टी संगठन और आगे की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद यह भी कहा गया कि अन्नामलाई इस्तीफे के फैसले को लेकर पहले काफी सख्त थे, लेकिन अमित शाह से मिलने के बाद उनका रुख कुछ नरम हुआ। यह भी चर्चा में रहा कि अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद लिया जा सकता है।
जन्मदिन से पहले लगे थे पोस्टर
4 जून को अन्नामलाई के जन्मदिन से पहले चेन्नई की कई सड़कों और इलाकों में उनके समर्थन में पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों पर लिखा था— “हमारे नेता, आइए और हमारा नेतृत्व कीजिए”।
अन्नामलाई का राजनीतिक सफर
-अन्नामलाई पूर्व IPS अधिकारी हैं
-उन्होंने 2020 में बीजेपी जॉइन की थी
-2021 से 2025 तक वह तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष रहे
-अपने कार्यकाल में वे राज्य में पार्टी का एक प्रमुख चेहरा बन गए थे