नई दिल्ली: भाजपा ने रायबरेली, वायनाड, डायमंड हार्बर और कन्नौज संसदीय सीटों पर मतदाता पंजीकरण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अभिषेक बनर्जी और अखिलेश यादव से लोकसभा सदस्य के पद से इस्तीफा देने की मांग की है। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष के इन नेताओं ने ‘वोट चोरी’ के जरिए लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है। भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय में इस मुद्दे पर एक स्लाइड-शो प्रस्तुति के जरिए विपक्षी नेताओं द्वारा प्रतिनिधित्व किए जाने वाले इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूचियों का ‘विश्लेषण’ कर यह आरोप लगाए।
ठाकुर ने तमिलनाडु की कोलाथुर विधानसभा सीट और उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर मतदाता पंजीकरण में कथित अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया और चुनाव में ‘धांधली’ के लिए मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सुप्रीमो एमके स्टालिन और समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता डिंपल यादव से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और द्रमुक नेताओं की आलोचना की तथा उन पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष के नेता अपने ‘अवैध बंगलादेश घुसपैठ के वोट बैंक’ और अन्य ‘घुसपैठियों’ की रक्षा के लिए निर्वाचन आयोग पर यह आरोप लगा रहे हैं। ठाकुर ने कहा, ‘विपक्ष द्वारा मचाए जा रहे इस शोर को देखकर अब तो यही लग रहा है कि ‘चोर मचाए शोर’।’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग पर ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत को लागू करने का अपना कर्तव्य नहीं निभाने का आरोप लगाया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के दावों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘अभी पिर बाकी है।’

