Site icon Dainik Savera Times

Mallikarjun Kharge की चिट्ठी पर BJP का पलटवार, कहा- “Congress का अतीत सबके सामने, जनता इतनी नासमझ नहीं”

नई दिल्लीः कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। खड़गे के लिखे पत्र पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अतीत में जो किया है, वह सबके सामने है। इस देश की जनता सब कुछ जानती है। सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि जो कुछ कांग्रेस के घोषणा पत्र में लिखा है, वह उनकी पिछली कारगुजारियों की पृष्ठभूमि में साफ है। उन्होंने अल्पसंख्यकों के खान-पान के सरंक्षण की बात कही है। कांग्रेस बताए कि कभी उन्होंने सिख, जैन और पारसी समाज के खान-पान के लिए कुछ किया है या कुछ कहा है? सबको कांग्रेस पार्टी की मंशा समझ में आती है, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को समझना चाहिए कि देश की जनता इतनी नासमझ नहीं है। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की ओर से अल्पसंख्यकों खासकर मुस्लिमों को प्राथमिकता देने वाला बयान सबको याद है।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में मुस्लिमों को आरक्षण में डाल दिया। ये जैसे देश में घुसपैठियों को बढ़ावा दे रहे हैं, वैसे ही ये एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण में भी घुसपैठियों को बढ़ावा देना चाहते हैं, लेकिन, मोदी सरकार ऐसा होने नहीं देगी। विपक्ष पर लोकसभा चुनाव को डिरेल कर सांप्रदायिक टकराव की तरफ ले जाने का आरोप लगाते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पहले मेनिफेस्टो में तुष्टीकरण की बात को लाया गया, फिर आरक्षण में सांप्रदायिक विषय लाया गया।

इंडी गठबंधन के उम्मीदवार ने उत्तर प्रदेश में वोट जिहाद की बात की और आज तृणमूल कांग्रेस के विधायक ने हिंदुओं को गंगा में बहाने की बात कही है। विपक्षी नेताओं के ऐसे बयानों से साफ होता है कि हार की हताशा में इंडी गठबंधन किसी भी सीमा तक जा सकता है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और खड़गे को ऐसे बयानों को लेकर जवाब देना चाहिए। देश की जनता से बढ़-चढ़कर वोट की अपील करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगानब बंद करना चाहिए।

Exit mobile version