Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP आदिवासियों की प्रगति नहीं चाहती, इसलिए उन्हें कहती है वनवासी : Rahul Gandhi

November 8, 2023

BJP आदिवासियों की प्रगति नहीं चाहती, इसलिए उन्हें कहती है वनवासी : Rahul Gandhi

अंबिकापुरः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को भाजपा पर आदिवासियों के अधिकार छीनने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा आदिवासियों को वनवासी कहती है क्योंकि वह नहीं चाहती कि वे बड़े सपने देखें और प्रगति करें। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला किया और कहा कि वह खुद को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का व्यक्ति बताते हैं, लेकिन जब पिछड़े वर्ग का समर्थन करने का समय आता है तो वे कहते हैं कि ओबीसी जाति नहीं है।

We are now on WhatsApp. Click to join

उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए वनवासी शब्द का इस्तेमाल किया। वनवासी और आदिवासी शब्दों में बहुत बड़ा अंतर है। आपने वह वीडियो देखा होगा जिसमें एक भाजपा नेता ने (मध्यप्रदेश में) एक आदिवासी युवक पर पेशाब कर दिया। वे जानवर के ऊपर पेशाब नहीं करते, लेकिन वे आदिवासियों के साथ ऐसी हरकत करते हैं। यह भाजपा की मानसिकता है। गांधी ने कहा, कि आदिवासी शब्द का गहरा अर्थ है। यह शब्द जल, जंगल, जमीन पर आपके अधिकार को व्यक्त करता है। वनवासी का अर्थ है जंगल में रहने वाले। भाजपा आपको वनवासी कहती है, हम आपको आदिवासी कहते हैं। भाजपा आपका अधिकार छीनती है, हम आपको अधिकार देते हैं। हम आपको गले लगाते हैं, भाजपा नेता आप पर पेशाब करते हैं।

उन्होंने कहा, कि वन क्षेत्र कम हो रहा है। अगले 15-20 साल में जब जंगल लुप्त हो जायेंगे तो वनवासी कहां जाएंगे? क्या वे सड़कों पर भीख मांगेंगे? वे (भाजपा) आपसे (आदिवासियों से) कहते हैं कि अंग्रेजी मत सीखो क्योंकि वे चाहते हैं कि न आप बड़े सपने देखें और न ही उन्हें पूरा करें। कांग्रेस नेता ने कहा, मोदी जी हर भाषण में खुद को ओबीसी कहते हैं और ओबीसी कल्याण की बात करते हैं। जब हमने मांग की कि जातीय जनगणना होनी चाहिए तो उन्होंने कहा कि एक ही जाति है और वह ‘गरीब’ है। तो आप अपने आपको ओबीसी क्यों कहते हैं। यदि केवल एक ही जाति है तो वे कौन हैं जो अमीर हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें