Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

BJP पूरी तरह से चुनाव के मैदान में, तैयारी देखकर कांग्रेस परेशान : CM Shivraj Chouhan

भोपालः मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि भाजपा पूरी तरह चुनाव के मैदान में है और पार्टी की तैयारियां देख कर कांग्रेस परेशान है। चौहान ने अपने बयान में कहा कि भाजपा पूरी तरह चुनाव के मैदान में है। युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। कांग्रेस कह रही थी, एक साल पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे, लेकिन भाजपा ने तो अपने उम्मीदवार घोषित कर भी दिए। पार्टी के सेनापति अब मैदान में हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का विकास पर्व चल रहा है। जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। ये पूरी तैयारी देखकर कांग्रेस परेशान है। अभी 20 तारीख को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। पार्टी की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक ग्वालियर में 20 तारीख को होने वाली है। विधानसभा सम्मेलन, जन दर्शन समेत अलग-अलग कार्यक्रम चल रहे हैं।

चौहान ने कहा कि भाजपा विजय के संकल्प और विश्वास के साथ मैदान में है। कांग्रेस बौखला कर ऊलजलूल आरोपों पर उतर आई है, लेकिन भाजपा को जनता का अभूतपूर्व प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। पार्टी फिर से भारी बहुमत से 2023 का विधानसभा चुनाव जीत कर सरकार बनाने वाली है। साल 2024 में लोकसभा की सभी 29 सीटें भाजपा जीतेगी।

Exit mobile version