नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मालदा में एक जनसभा के दौरान बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2026 में भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में सरकार गिर जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि BJP बंगाल को निशाना बना रही है, लेकिन उनकी पार्टी अब दिल्ली तक लड़ाई ले जाने की तैयारी कर रही है।
यह भी पढ़ें-
‘LDF सरकार का काउंटडाउन शुरू, BJP-NDA सत्ता में आएगी’, केरल में गरजे पीएम मोदी
Kerala Election 2026: ‘अब इसमें लेफ्ट जैसा कुछ नहीं बचा’, राहुल गांधी का LDF पर बड़ा हमला
‘शांति चाहिए तो BJP को रोकना होगा’, ममता बनर्जी का चुनावी हमला; एकजुट होने की अपील
ममता बनर्जी ने अमित शाह पर लगाए गंभीर आरोप
सीएम ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद और अन्य इलाकों में वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं और अधिकारियों का ट्रांसफर किया जा रहा है ताकि चुनाव को प्रभावित किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि 5 राज्यों में चुनाव के दौरान कुल 506 अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ, जिनमें से 485 सिर्फ बंगाल में किए गए। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, वे ट्रिब्यूनल में शिकायत करें।
ममता ने BJP पर धर्म और संस्कृति के मुद्दे पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि BJP बंगाल की संस्कृति को नहीं समझती और लोगों पर अपनी सोच थोपने की कोशिश करती है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की।
केंद्रीय एजेंसियों का हो रहा राजनीतिक दुरुपयोग
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां जैसे NIA, CBI और ED का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। साथ ही BJP और कांग्रेस के बीच गुप्त समझौते का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे NRC और डिटेंशन कैंप जैसे मुद्दे सामने आ सकते हैं।
ममता बनर्जी ने साफ कहा कि उनकी सरकार किसी भी नागरिक को डिटेंशन कैंप में नहीं जाने देगी और लोगों से अपील की कि वे सिर्फ AITC का समर्थन करें। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे और 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

