Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Giridih की घटना के लिए BJP जिम्मेदार, मंत्रियों ने कहा- माहौल बिगाड़ने की कर रहे साजिश

March 18, 2025

Giridih की घटना के लिए BJP जिम्मेदार, मंत्रियों ने कहा- माहौल बिगाड़ने की कर रहे साजिश

रांची : झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन ने गिरिडीह के घोड़थम्भा में होली के दिन हिंसक झड़प की घटना के लिए सीधे-सीधे भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व सीएम रघुवर दास सहित भाजपा के नेताओं पर माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप लगाया।

इरफान अंसारी ने कहा कि गिरिडीह की घटना को साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। इसमें भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का हाथ है। यह पार्टी राज्य को शर्मसार कर रही है। उन्होंने कहा कि होली के दिन संकरे रास्ते से होकर गुजरने पर प्रशासन ने रोक लगाई थी, लेकिन भाजपा का एक स्थानीय नेता जबरन उसी रास्ते से होली की टोली लेकर गुजरने लगा।

मरांडी को अपने क्षेत्र को संभालना चाहिए

अभी रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और भाजपा के लोग बोतल और पेट्रोल बम फेंकने, पत्थरबाजी के निराधार आरोप लगाकर माहौल खराब कर रहे हैं। रमजान के महीने में इफ्तार कर लोग नमाज पढ़ने जा रहे थे। भाजपा के लोगों ने झगड़ा चालू करवाया। अंसारी ने गिरिडीह में इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच शांति स्थापित की गई। लेकिन उस इलाके के विधायक बाबूलाल मरांडी तीन दिन के बाद पहुंचकर राजनीति करने लगे।

मरांडी को अपने क्षेत्र को संभालना चाहिए, लेकिन इसके बदले वह राजनीति कर माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड का माहौल खराब करने की कोशिश न करें। यहां हेमंत सोरेन की सरकार है। किसी भी सूरत में माहौल नहीं बिगाड़ने दिया जाएगा।

भाजपा सिर्फ आग लगाना चाहते है

राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने गिरिडीह के हिंसा प्रभावित इलाके में रघुवर दास के दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह ब्रेक के बाद राजनीति में फिर से नए-नए आए हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं का नाम लिए बगैर कहा कि उन लोगों के पास कोई काम नहीं है। वे सिर्फ आग लगाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि यह भगवान बिरसा मुंडा और सिदो-कान्हू की धरती है, और यहां वे लोग जिस तरह जहर उगलते रहे हैं, वह निंदनीय है। जब वहां दोनों समुदाय के लोग कंप्रोमाइज कर रहे हैं, तो ये लोग फिर से कूद रहे हैं। मंत्री हसन ने औरंगजेब को लेकर उठे विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ये लोग पहले पाकिस्तान, फिर बाबर- अकबर, बांग्लादेशी और अब औरंगजेब की बात कर देश को गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

देश कहां जा रहा है, इसका इन्हें अंदाजा भी नहीं है। ये लोग यहां श्रीलंका जैसे हालात बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी गिरिडीह की घटना पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके पास एक ही रोना रहता है। गिरिडीह में जहां घटना हुई, वह बाबूलाल मरांडी का क्षेत्र है। लेकिन, वह हादसे के तीन दिन बाद वहां पहुंचकर राजनीति कर रहे हैं। अगर आपको क्षेत्र की इतनी ही चिंता थी तो आपको वहां तुरंत पहुंचना चाहिए था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें