Site icon Dainik Savera Times

भाजपा झूठ फैला रही, मुझे चुप कराना चाहती है: राहुल गांधी

नई दिल्ली: अमरीका में अपने हालिया बयान के बारे में भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को सिखों से पूछा कि उन्होंने जो कहा, उसमें क्या कुछ गलत है और क्या भारत ऐसा देश नहीं होना चाहिए, जहां हर भारतीय बिना किसी डर के अपने धर्म का पालन कर सके। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें चुप कराने के लिए बेताब है, क्योंकि वह सच्चाई बर्दाश्त नहीं कर सकती। गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, भाजपा अमरीका में मेरे बयान के बारे में झूठ फैला रही है। मैं भारत और विदेश में रहने वाले हर सिख भाई-बहन से पूछना चाहता हूं – क्या मैंने जो कहा है उसमें कुछ गलत है? क्या भारत ऐसा देश नहीं होना चाहिए जहां हर सिख – और हर भारतीय – बिना किसी डर के अपने धर्म का पालन कर सके? उन्होंने कहा, मैं हमेशा उन मूल्यों के लिए बोलूंगा जो भारत को परिभाषित करते हैं: विविधता में हमारी एकता, समानता और प्रेम। गांधी ने अमरीका में दिए गए अपने बयान का एक छोटा वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह एक सिख व्यक्ति का जिक्र कर रहे हैं।

Exit mobile version