नेशनल डेस्कः बिहार और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान परिषद (MLC) चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने दोनों राज्यों के ग्रेजुएट और टीचर निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 10 उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं। इनमें बिहार से 4 और उत्तर प्रदेश से 6 उम्मीदवार शामिल हैं।
बिहार में BJP ने 4 उम्मीदवार उतारे
बिहार में विधान परिषद की कुल 8 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें 4 सीटें ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्र और 4 सीटें टीचर निर्वाचन क्षेत्र की हैं। बीजेपी ने इन चुनावों के लिए चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।
-दरभंगा ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार
-तिरहुत टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह
-पटना टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव
-कोशी ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एन.के. यादव
-इनमें नवल किशोर यादव, डॉ. एन.के. यादव और सर्वेश कुमार पहले से ही विधान परिषद के सदस्य (MLC) हैं।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार एवं उत्तर प्रदेश में होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव 2026 हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/gDGtRNktyx
— BJP (@BJP4India) September 29, 2026
NDA में BJP और JDU के बीच सीटों का बंटवारा
बिहार के इन 8 MLC सीटों के चुनाव में NDA के सहयोगी दल BJP और JDU ने चार-चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। JDU पहले ही अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। अब बीजेपी ने भी अपने चार प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। ऐसे में बिहार में दोनों दल अपने-अपने उम्मीदवारों के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उत्तर प्रदेश में BJP के 6 उम्मीदवारों का ऐलान
उत्तर प्रदेश में भी विधान परिषद की सीटों के लिए बीजेपी ने 6 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें ग्रेजुएट और टीचर निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवार शामिल हैं। बीजेपी की ओर से घोषित उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है।
-वाराणसी ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह
-मेरठ ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से दिनेश गोयल
-इलाहाबाद-झांसी ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से अशोक कुमार राठौर
-वाराणसी टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा
-आगरा टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से हरि किशोर तिवारी
-गोरखपुर-फैजाबाद टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी
-बीजेपी ने इन उम्मीदवारों के जरिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग ग्रेजुएट और टीचर निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी मैदान तैयार कर लिया है।
23 अक्टूबर को होगी MLC चुनाव की वोटिंग
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों का कार्यक्रम पहले ही घोषित कर दिया है। विधान परिषद यानी MLC चुनाव के लिए 23 अक्टूबर 2026 को वोटिंग होगी। वहीं, उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को कराया जाएगा। दोनों चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
बिहार और यूपी में बढ़ेगी चुनावी हलचल
BJP की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित होने के बाद अब बिहार और उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। बिहार में NDA के भीतर BJP और JDU के उम्मीदवार सामने आ चुके हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने अपने छह प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। अब उम्मीदवारों के नामांकन और चुनाव प्रचार के साथ दोनों राज्यों के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

