Site icon Dainik Savera Times

भाजपा और RSS असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी हैं : राहुल गांधी

rahul ghandhi

rahul ghandhi

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भगवान शिव और देवी पार्वती के ‘अर्द्धनारीश्वर’ स्वरूप को दर्शाती एक मूर्ति की तस्वीर साझा करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ”असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी” हैं तथा उन्हें आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है। राहुल ने मां सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के दौरान कहा था कि ”खाने के समय मम्मी पापा की गोद में बैठी होती थीं।” इस टिप्पणी को लेकर राहुल को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, जिसके जवाब में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने तस्वीर साझा कर आरोप लगाए।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझ रहा हूं, यह बात उतनी ही स्पष्ट होती जा रही है।” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, ”भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी हैं तथा उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है।” गांधी ने एलिफेंटा की गुफाओं की एक मूर्ति की तस्वीर साझा की, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती के संयुक्त स्वरूप को ‘अर्धनारीश्वर’ के रूप में दर्शाया गया है।

अर्धनारीश्वर हिंदू धर्म के एक ऐसे देव स्वरूप हैं, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती एक ही शरीर के आधे पुरुष और आधे स्त्री रूप में विराजमान हैं। ”खाने के समय मम्मी पापा की गोद में बैठी होती थीं” वाली टिप्पणी को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे गांधी ने मंगलवार को कहा था कि भय, गुस्से और नफरत ने भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में जाल बुन दिया है और यह उन्हें प्रेम व्यक्त करने से रोकता है।

गांधी ने 12वीं शताब्दी के एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर भी साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखाई गई हैं। राहुल गांधी ने कहा था, ”एक सच्चे हिंदू के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।”

पिछले सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के औपचारिक विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के बीच गहरे लगाव के बारे में विस्तार से बात की थी। उन्होंने कहा था, ”हर बार खाने के समय पापा होते थे और पापा की गोद में मम्मी बैठी होती थीं।”

Exit mobile version