Site icon Dainik Savera Times

कोलकाता रैली में गरजे अमित शाह, ममता को दी चुनौती…बंगाल में भी सरकार बनाएगी BJP, लागू करेंगे CAA

Naxalism

Naxalism

नेशनल डेस्क: भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पुरजोर शब्दों में कहा कि केंद्र सरकार संशोधित नागरिकता कानून (CAA) लागू करेगी और इसे कोई नहीं रोक सकता। शाह ने पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करने के लिए कोलकाता में एक बड़ी रैली को संबोधित किया। शाह ऐतिहासिक एस्प्लेनेड में पार्टी की एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने तुष्टीकरण, घुसपैठ, भ्रष्टाचार और राजनीतिक हिंसा जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला और लोगों से उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने तथा अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा को चुनने का आग्रह किया।

 

रैली में उमड़ी भीड़ पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि यह लोगों के मन को दर्शाती है कि वे राज्य में बदलाव लाना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2026 में दो-तिहाई बहुमत के साथ राज्य की सत्ता में आएगी। शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य में भाजपा का प्रदर्शन विधानसभा चुनावों में उसकी जीत की नींव तैयार करेगा। साथ ही शाह ने कहा कि 2024 में मोदी सरकार ही बनेगी।

 

विवादास्पद CAA का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि ममता बनर्जी इसका विरोध कर रही हैं, लेकिन कोई भी इसे लागू होने से नहीं रोक सकता। यह कानून अभी अधर में है क्योंकि कानून के खिलाफ विपक्ष के कड़े रुख के बीच केंद्र सरकार ने अब तक इसके नियम नहीं बनाए हैं। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 42 सीटों में से भाजपा ने 18 पर जीत हासिल की थी, जो अब तक का उच्चतम स्तर है।

Exit mobile version