नेशनल डेस्क: गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार जीत हासिल की है। राज्य के सभी 15 नगर निगमों में BJP ने बहुमत हासिल कर लिया है। अहमदाबाद, सूरत, राजकोट और वडोदरा जैसे बड़े शहरों में भी पार्टी का प्रदर्शन बहुत मजबूत रहा। इस जीत के बाद अहमदाबाद में शाम 5 बजे जीत का जश्न (विजयोत्सव) मनाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा शामिल होंगे।
अगर सीटों की बात करें तो:
अहमदाबाद नगर निगम की 192 सीटों में से BJP ने 99 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 9 सीटें मिली हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) और AIMIM को यहां कोई सीट नहीं मिली। सूरत में 120 सीटों में से BJP को 75 सीटें मिलीं। कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट और AAP को 4 सीटों पर जीत मिली। राजकोट में BJP ने 72 में से 65 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस को 7 सीटें मिलीं। वडोदरा में 76 सीटों में से BJP ने 49 सीटें जीतीं, कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं और 1 सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती।
BJP ने बहुमत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी
कुल मिलाकर BJP ने सभी नगर निगमों में बहुमत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी है। कांग्रेस राज्य में दूसरे नंबर की पार्टी रही, जबकि AAP को इस बार बड़ा नुकसान हुआ है। पिछली बार सूरत में AAP को 27 सीटें मिली थीं, लेकिन इस बार उसे ज्यादा सफलता नहीं मिल पाई। नगर पालिकाओं, तालुका पंचायतों और जिला पंचायतों में भी BJP ने अच्छा प्रदर्शन किया है, हालांकि कुछ जगहों पर कांग्रेस और AAP को भी जीत मिली है।
कांग्रेस का प्रदर्शन
वडोदरा जिले की डभोई नगर पालिका में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया। यहां 36 सीटों में से कांग्रेस को 21 और BJP को 15 सीटें मिलीं। वहीं, AIMIM ने भी इस चुनाव में कुछ जगहों पर अच्छी शुरुआत की है। दिंद्रोल तालुका पंचायत सीट पर AIMIM के उम्मीदवार अब्बास अलीमद असामी ने कांग्रेस और BJP दोनों को हराकर जीत दर्ज की। इसके अलावा सिद्धपुर क्षेत्र में भी AIMIM ने पहली बार जीत हासिल की है।

