Site icon Dainik Savera Times

पुलिस ने Blinkit से आर्डर किया ‘बटनदार चाकू’, डिलीवरी मिलते ही कंपनी पर कर दी FIR, जानें क्या है पूरा मामला

Blinkit

Blinkit

Blinkit: राजधानी में दो हत्याओं की जांच के दौरान बड़ा खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म Blinkit के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि ऐप के जरिए बटनदार (स्विच ब्लेड) चाकू बेचे जा रहे थे, जिनका इस्तेमाल आपराधिक वारदातों में हुआ।

जांच में सामने आया लिंक
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में दर्ज दो अलग-अलग हत्या मामलों में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू उन्होंने Blinkit से खरीदा था। आरोपियों के इस दावे की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने खुद ग्राहक बनकर ऐप से बटनदार चाकू ऑर्डर किया। डिलीवरी मिलने के बाद पुलिस ने इसे सबूत के तौर पर सुरक्षित रखा और आगे की कार्रवाई शुरू की।

ये भी पढ़ें- नीदरलैंड के साथ मैच में भारतीय टीम में हो सकते हैं बड़े बदलाव? क्या अर्शदीप को मिलेगा मौका या कोई और होगा टीम में शामिल

 

कई स्टोर्स पर छापेमारी
पुलिस टीमों ने दिल्ली के कई Blinkit डार्क स्टोर्स पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दर्जनभर से अधिक बटनदार चाकू बरामद किए गए। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के हथियारों की ऑनलाइन बिक्री नियमों का उल्लंघन हो सकती है और इसकी कानूनी जांच की जा रही है।

कंपनी को भेजा जाएगा नोटिस
पुलिस अब कंपनी को औपचारिक नोटिस भेजकर जवाब तलब करने की तैयारी में है। खबर लिखे जाने तक Blinkit की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- 10 राज्यों की 37 सीटों पर चुनाव का ऐलान, जानें किस दिन होगी वोटिंग

 

आगे की जांच जारी
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या ऐसे हथियारों की बिक्री के लिए किसी विशेष अनुमति की जरूरत थी और क्या प्लेटफॉर्म ने आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया का पालन किया। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित या खतरनाक हथियारों की ऑनलाइन बिक्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

Exit mobile version