हरियाणा डेस्क: हरियाणा के गुरुग्राम में एक बार फिर बम की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस बार अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के जरिए शहर के कई प्रमुख स्कूलों और मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सभी जगहों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ई-मेल एमिटी स्कूल, सालवन पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और गुरुग्राम के मिनी सचिवालय को भेजा गया था। जैसे ही स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
बच्चों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को खाली कराया। बच्चों और स्कूल स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए स्कूलों की छुट्टी कर दी गई और सभी छात्रों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया। इस दौरान स्कूल परिसरों की बारीकी से जांच की गई।
बांग्लादेश के आईपी एड्रेस से भेजा गया ई-मेल
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि धमकी वाला ई-मेल बांग्लादेश के एक आईपी एड्रेस से भेजा गया है। हालांकि, जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं इस आईपी एड्रेस का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति ने तो नहीं किया। साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
पीएम मोदी की जींद रैली का भी जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में सिर्फ गुरुग्राम के स्कूलों और मिनी सचिवालय का ही नहीं, बल्कि 17 जुलाई को हरियाणा के जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का भी उल्लेख किया गया है। ई-मेल में रैली के दौरान बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया है।
गुरुग्राम और जींद में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद गुरुग्राम और जींद दोनों जिलों की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड लगातार जांच कर रहे हैं और साइबर विशेषज्ञ ई-मेल की तकनीकी जांच में जुटे हैं।
कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में किसी भी स्कूल, मिनी सचिवालय या अन्य स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। फिलहाल सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति तक पहुंचने के लिए साइबर जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दें।

