नेशनल डेस्कः कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के वॉशरूम से बम की धमकी वाली एक चिट मिली। यह घटना गुरुवार रात की है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की पूरी जांच के बाद विमान में कोई भी संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने इसे झूठी धमकी (हॉक्स थ्रेट) माना। इस घटना के संबंध में इंडिगो ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
वॉशरूम में एक हाथ से लिखी हुई चिट मिली
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे इंडिगो की फ्लाइट बेंगलुरु से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। उड़ान से पहले विमान की नियमित सफाई की जा रही थी। इसी दौरान सफाई कर्मचारी को विमान के वॉशरूम में एक हाथ से लिखी हुई चिट मिली। उस चिट पर अंग्रेजी में लिखा था “Dont Go Bomb Hai Please.” चिट पढ़ते ही कर्मचारी ने तुरंत इसकी सूचना विमान के अधिकारियों और सुरक्षा टीम को दी।
तुरंत शुरू हुआ सुरक्षा अभियान
धमकी की सूचना मिलते ही विमान को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्ते ने पूरे विमान की बारीकी से जांच की। विमान के हर हिस्से, यात्रियों के सामान और अन्य स्थानों की अच्छी तरह तलाशी ली गई। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने बताया कि विमान में कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसलिए इस धमकी को झूठी माना गया।
उड़ान में हुई देरी, यात्रियों को हुई परेशानी
सुरक्षा जांच पूरी होने तक फ्लाइट को रोके रखा गया, जिससे विमान अपने तय समय पर उड़ान नहीं भर सका। इस वजह से यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि, सुरक्षा जांच पूरी होने और सब कुछ सामान्य पाए जाने के बाद ही विमान को रवाना किया गया।
इंडिगो ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
इस घटना के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। एयरलाइन ने पुलिस से अनुरोध किया है कि इस झूठी धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह चिट किसने लिखी और उसे विमान के वॉशरूम तक कैसे पहुंचाया गया।
लगातार बढ़ रहे हैं बम की झूठी धमकी के मामले
पिछले कुछ समय से देश के अलग-अलग हिस्सों में बम की झूठी धमकी देने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में विमान, स्कूल, सरकारी कार्यालय, अदालतें और पर्यटन स्थल निशाना बनाए जा रहे हैं। इन धमकियों के कारण सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ती है, जिससे कई बार लोगों को परेशानी होती है और सरकारी संसाधनों का भी बड़ा इस्तेमाल होता है।
पिछले महीने भी सामने आया था ऐसा मामला
बीते महीने लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में भी बम की धमकी मिली थी। उस समय विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। उड़ान से पहले विमान के टॉयलेट में रखे टिश्यू पेपर पर बम की धमकी लिखी हुई मिली थी। सुरक्षा जांच के बाद उस मामले में भी कोई बम नहीं मिला और धमकी पूरी तरह झूठी साबित हुई।
कई सरकारी दफ्तर और सार्वजनिक स्थान भी बने निशाना
हाल के दिनों में देश के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर भी बम की धमकी मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें नोएडा का डीएम कार्यालय, दिल्ली का लाल किला, अजमेर कोर्ट, मुंबई मेयर का कार्यालय और लखनऊ का ऐशबाग रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। हर मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की, लेकिन अधिकांश घटनाओं में धमकी झूठी निकली। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं और प्रशासन इन मामलों को गंभीरता से लेकर जांच कर रहा है।

