Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिर पर गठरी, बहन की अस्थियां, कठघरे में व्यवस्था

May 1, 2026

सिर पर गठरी, बहन की अस्थियां, कठघरे में व्यवस्था

नई दिल्ली। सच का आईना अक्सर वहीं मिलता है, जहां नजरें कम पड़ती हैं। ओडिशा के एक ग्रामीण इलाके की सुनसान राह पर चलता वह व्यक्ति केवल राहगीर नहीं, बल्कि व्यवस्था की विफलता का प्रतीक बन गया। उसके कंधों पर रखी गठरी में कोई वस्तु नहीं, बल्कि उसकी मृत बहन के अवशेष थे और भीतर अपमान, थकान और असहायता का गहरा बोझ था।

बहन की अस्थियां बन गईं प्रमाण

कई किलोमीटर का यह सफर वर्षों की उपेक्षा और असमानता की खाई को पार करने जैसा था, जहां उसे मानवीय संवेदना की सीमा तक जाना पड़ा। उद्देश्य था करीब 20 हजार रुपये, पर रास्ता इतना कठोर कि उसे अपनी बहन के अवशेष ही प्रमाण बनाने पड़े। यह दृश्य केवल पीड़ादायक नहीं, बल्कि भयावह है, जो व्यवस्था की संवेदनहीनता को उजागर करता है। इसे केवल एक वायरल दृश्य मानकर आगे बढ़ जाना सबसे बड़ी चूक होगी। यह उस व्यक्ति की दास्तान है, जिसने व्यवस्था के दरवाज़े पर बार-बार दस्तक दी, पर हर बार कागजी औपचारिकताओं की दीवार से टकराकर लौटना पड़ा।

रुपये ही आशा की अंतिम किरण

वह व्यक्ति एक अशिक्षित, दिहाड़ी मजदूर—दरअसल उसी भारत का चेहरा है, जो अक्सर योजनाओं और आंकड़ों की भीड़ में गुम हो जाता है। उसके लिए बैंक, प्रमाण-पत्र और प्रक्रियाएँ जीवन का सामान्य हिस्सा नहीं, बल्कि भय और उलझनों से भरा जाल हैं। बहन की मृत्यु के बाद बची थोड़ी-सी राशि ही उसके लिए आशा की अंतिम किरण थी। पर जब उस पर भी नियमों का कठोर पहरा लगा, तो उसका मानसिक संतुलन डगमगा गया। उसका यह कदम तर्कसंगत न हो, पर उसकी पीड़ा निस्संदेह सच्ची और असहनीय थी।

छल से रोकने के लिए जरूरी था प्रमाण

परिस्थिति का एक दूसरा आयाम भी है, जो उतना ही सख्त है और जिसे अनदेखा करना उचित नहीं। बैंक की मांग कोई मनमानी नहीं, बल्कि विधिक प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा थी। मृत्यु प्रमाण-पत्र और वारिस की पुष्टि जैसे प्रावधान उसी व्यवस्था की नींव हैं, जो छल और धोखाधड़ी को रोकती है। यदि बिना दस्तावेज़ के राशि दे दी जाती, तो वही समाज बाद में बैंक को लापरवाह ठहराता। नियम संवेदनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाए जाते हैं। यह स्वीकार करना होगा कि व्यवस्था की कठोरता ही उसकी विश्वसनीयता का आधार बनती है। किंतु प्रश्न अब भी बना हुआ है क्या इस कठोर ढांचे में मानवीय संवेदना के लिए कोई स्थान शेष है, या वह कागज़ी औपचारिकताओं के बोझ तले दबकर रह गई है?

भटकाव बन गया था मजबूरी

यहीं से सवाल एक चुभती हुई सच्चाई बनकर उभरता है—दोष नियमों में है या उन्हें पाने की प्रक्रिया में? ग्रामीण भारत में मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाना भी कई लोगों के लिए कठिन काम बन जाता है। जानकारी की कमी, दफ्तरों की दूरी और भाषा-व्यवहार की खाई आम आदमी को बेबस कर देती है। उस व्यक्ति के लिए यह प्रक्रिया उतनी ही जटिल रही होगी, जितनी हमारे लिए किसी अनजाने देश के कानून समझना। उसका कदम गलत था, पर इसकी जड़ उस व्यवस्था में भी है, जिसने उसे सही रास्ता कभी दिखाया ही नहीं। जब रास्ते साफ नहीं होते, तो भटकाव मजबूरी बन जाता है।

डिजिटल दुनिया का कड़वा सच

डिजिटल दुनिया में उमड़ता गुस्सा अपने आप में एक कड़वा सच उजागर करता है। हम बिना पूरी तस्वीर देखे तुरंत व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर देते हैं, जबकि असल समस्या कई स्तरों पर फैली होती है। यह मानना सही है कि गरीबी इंसान को संवेदनशील बनाती है, लेकिन जब यही संवेदना अति में बदल जाती है, तो सच्चाई ओझल हो जाती है। बैंक को दोष देना सरल है, पर यह सवाल उठाना कठिन है कि क्या हमने अपने समाज को इतना जागरूक बनाया है कि वह इन प्रक्रियाओं को समझ सके। यह घटना केवल एक व्यक्ति का दुख नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक कमी का परिणाम है, जिसमें हम सब किसी न किसी रूप में भागीदार हैं।

खेद नहीं समाधान चाहिए

अब बात सिर्फ खेद जताने तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि ठोस सुधार की मांग करती है। बैंकों और प्रशासन को यह स्वीकार करना होगा कि नियम तभी प्रभावी होते हैं, जब वे आम लोगों के लिए सहज और पहुँच में हों। ग्रामीण क्षेत्रों में सहायता केंद्र, सरल और स्पष्ट भाषा में जानकारी, तथा पंचायतों के साथ मजबूत समन्वय—ये सब अब जरूरत बन चुके हैं। संवेदनशीलता का अर्थ नियमों से समझौता नहीं, बल्कि उन्हें इस तरह लागू करना है कि हर व्यक्ति उन्हें समझ सके और अपनाने में सक्षम हो। अगर व्यवस्था लोगों तक पहुँचने में असफल रहती है, तो उसका अस्तित्व ही सवालों के घेरे में आ जाता है।

घटना गहरी पर है कड़वा सच

यह घटना एक गहरी और कड़वी सच्चाई को सामने लाती है—हमारी व्यवस्था ऊपर से भले ही सुदृढ़ दिखे, लेकिन उसकी जड़ों में कहीं न कहीं कमजोरी छिपी हुई है। सबसे पीछे खड़ा आम व्यक्ति आज भी जरूरी जानकारी और बुनियादी सुविधाओं से दूर रह जाता है। अक्सर ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासन की सक्रियता देखने को मिलती है, पर यह प्रश्न लगातार उठता है कि यह पहल पहले क्यों नहीं दिखाई दी? क्या हर बार हमें किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार करना पड़ेगा, तभी बदलाव की शुरुआत होगी? अब गंभीरता से सोचने का समय है कि कहीं हम ऐसा समाज तो नहीं बन गए हैं, जो केवल हादसों के बाद ही जागता और सक्रिय होता है।

हड्डियों की गठरी थी व्यवस्था का आईना

अब यह पल हमसे कठोर जवाब मांग रहा है—क्या हम केवल आक्रोश में सिमटे रहेंगे, या सच में ठोस बदलाव की ओर बढ़ने का साहस करेंगे? हड्डियों की वह गठरी केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का आईना है, जिसमें संवेदनशीलता और नियमों के बीच संतुलन बुरी तरह बिगड़ चुका है। यदि हमने इस घटना से कोई ठोस सीख नहीं ली, तो कल फिर कोई आम व्यक्ति अपनी बेबसी का यही बोझ ढोता नजर आएगा। और तब हमारी संवेदनाएं भी उतनी ही भारी और सुन्न हो जाएंगी, जितना उसके कंधों पर रखा वह बोझ था।
-प्रो. आरके जैन “अरिजीत

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें