नेशनल डेस्क: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर बुधवार को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पहुंचे। वे यहां पीएम नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बैठक से पहले कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुंबई एयरपोर्ट पर उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने किया। स्टार्मर के साथ लंदन से एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।

कल पीएम मोदी से मुलाकात
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुरुवार को मुंबई में मुलाकात होगी। दोनों नेता भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह बैठक सीईओ फोरम और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण के दौरान आयोजित होगी। बैठक में दोनों देश व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आपसी संबंधों जैसे विषयों पर बात करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेता ‘विजन 2035’ के तहत भारत-ब्रिटेन के साझा लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
उद्योग जगत से जुड़ी चर्चा
पीएम मोदी और कीर स्टार्मर भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (FTA) से जुड़े अवसरों पर उद्योग जगत के लोगों और निवेशकों के साथ चर्चा करेंगे। यह समझौता दोनों देशों के बीच भविष्य की आर्थिक साझेदारी का मुख्य आधार माना जा रहा है। दोनों नेता इस दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे और नीति निर्माताओं तथा इनोवेटर्स से भी मुलाकात करेंगे।
VIDEO | The United Kingdom Prime Minister Keir Starmer (@Keir_Starmer) receives a warm welcome from Maharashtra Governor Acharya Dev Vrat, CM Devendra Fadnavis, and Deputy CMs Eknath Shinde and Ajit Pawar as he arrives in Mumbai ahead of his meeting with PM Narendra Modi in… pic.twitter.com/cczK5eMFcN
— Press Trust of India (@PTI_News) October 8, 2025
क्यों अहम है स्टार्मर की भारत यात्रा
ब्रिटिश प्रधानमंत्री की यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है, जब भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर वार्ता तेज़ चल रही है। जुलाई में पीएम मोदी के ब्रिटेन दौरे के बाद यह पहला मौका है, जब दोनों देशों के शीर्ष नेता व्यापारिक और रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने के लिए आमने-सामने मिल रहे हैं। वैश्विक स्तर पर बदलते आर्थिक हालातों और अमेरिकी नीतियों के बीच यह दौरा भारत-ब्रिटेन संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
कीर स्टार्मर का मुंबई कार्यक्रम
ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर का मुंबई में बुधवार को वे कूपरेज ग्राउंड में फुटबॉल इवेंट में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे यशराज स्टूडियो का दौरा करेंगे और प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। शाम को वे विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात कर द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। गुरुवार को स्टार्मर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उच्च स्तरीय वार्ता होगी। इसके अलावा वे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट और सीईओ फोरम में भी संबोधन देंगे।
ये भी पढ़ें: ल्हासा का सकल घरेलू उत्पादन पहली बार एक खरब युआन से अधिक पहुँचा