Site icon Dainik Savera Times

BRS की पूर्व नेता कविता ने किया बड़ा ऐलान, जल्द बनाएंगी नई राजनीतिक पार्टी

bsr leader kavita

bsr leader kavita

नई दिल्ली। भारत राष्ट्र समिति (BRS) की पूर्व नेता और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता ने एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने यह घोषणा तब की जब दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कुल 23 लोगों को कथित दिल्ली शराब घोटाले के मामले में बरी कर दिया।

तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचीं के कविता
कोर्ट से राहत मिलने के बाद के कविता आंध्र प्रदेश के तिरुमाला स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भगवान बालाजी के आशीर्वाद से वह जल्द ही तेलंगाना में एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी खास तौर पर तेलंगाना के लोगों के लिए काम करेगी और राज्य की समस्याओं को उठाएगी।

महिलाओं से समर्थन की अपील
के कविता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि देशभर के लोग, खासकर महिलाएं, उनका साथ देंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि तेलंगाना के लोग उन्हें अपना आशीर्वाद देंगे और उनकी नई पार्टी को समर्थन करेंगे।

तेलंगाना के लिए होगी क्षेत्रीय पार्टी
के कविता ने बताया कि उनकी बनने वाली पार्टी एक क्षेत्रीय (रीजनल) पार्टी होगी, जो मुख्य रूप से तेलंगाना के विकास और वहां के लोगों की भलाई के लिए काम करेगी। उनका कहना है कि पार्टी का उद्देश्य राज्य के लोगों की आवाज को मजबूत करना होगा।

केंद्र सरकार पर लगाए आरोप
दिल्ली शराब घोटाले के मामले पर बात करते हुए के कविता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जो कार्रवाई हुई, वह एक तरह की “विच हंट” यानी राजनीतिक बदले की कार्रवाई थी। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार एजेंसियों का इस्तेमाल करके विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है।

न्यायपालिका पर जताया भरोसा
के कविता ने कहा कि देश की न्यायपालिका ने सच्चाई को पहचान लिया और झूठे आरोपों के जाल को समझते हुए सभी आरोपियों को बरी कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उन्हें और अन्य नेताओं को सिर्फ अलग राजनीतिक विचारधारा होने की वजह से टारगेट किया गया, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

 

Exit mobile version