Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

बसपा प्रमुख मायावती का ऐलान-पार्टी अकेले अपने बलबूते पर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

January 15, 2024

बसपा प्रमुख मायावती का ऐलान-पार्टी अकेले अपने बलबूते पर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

लखनऊः बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने 68वें जन्मदिन पर सोमवार को यहां ऐलान किया उनकी पार्टी 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले अपने बूते पर लड़ेगी। मायावती ने कहा वह स्पष्ट कर देना चाहती हैं कि पार्टी आम चुनाव में गरीबों, उपेक्षित वर्गों में से विशेषकर दलितों, आदिवासियों, अति पिछड़े वर्ग, मुस्लिम व अन्य धार्मिक अल्पसंख्यक समाज के लोगों के बलबूते पर अकेले मैदान में उतरेगी।

उन्होंने कहा इन्हीं के बलबूते पर ही हमने 2007 में आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अकेले ही चुनाव लड़कर अपनी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार भी बनाई थी। इसलिए पूर्व के अनुभव को ध्यान में रखकर हमारी पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी। मायावती ने इस दौरान अपनी उप्र सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। साथ ही उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा बसपा ने चार बार की सरकार में सभी वर्गों के लिए काम किया।

मुफ्त में राशन देकर बनाया जा रहा गुलाम
वर्तमान समय में कोई काम नहीं दिख रहा और मुफ्त में राशन देकर लोगों को गुलाम बनाया जा रहा है। बसपा प्रमुख ने ईवीएम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा ईवीएम में मिल रही गड़बड़ी की खबरों से बीएसपी के लोग चिंतित हैं। ऐसे में पूरी ऊर्जा से पार्टी को मजबूत बनाना है। यदि पार्टी के लोग इन हालात का मुकाबला करके पूरी निष्ठा से लगे रहते हैं तो पार्टी मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री योगी ने दी फोन पर जन्मदिन की बधाई
प्रदेश के सीएम योगी ने बसपा सुप्रीमो मायावती को जन्मदिन की बधाई दी। सीएम योगी ने बसपा सुप्रीमो मायावती से फोन पर बात कर जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने मायावती का कुशलक्षेम पूछा और मायावती की दीर्घायु होने की कामना की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें