Site icon Dainik Savera Times

Budget 2026 LIVE: खत्म हुआ वित्त मंत्री का संबोधन,’कैंसर की दवाइयों समेत जानें क्या-क्या हुआ सस्ता

Budget 2026 LIVE

Budget 2026 LIVE

Budget 2026 LIVE: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026 का अपना संबोधन पूरी तरह समाप्त कर दिया है। उनके भाषण के समाप्त होते ही लोकसभा की कार्यवाही आज के लिए स्थगित कर दी गई।

सांसदों ने वित्त मंत्री के बजट को ध्यान से सुना और कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बजट में की गई घोषणाओं और योजनाओं पर आने वाले दिनों में विस्तृत बहस होगी।

पढ़ें वित्त मंत्री के भाषण की हर बड़ी बातें

17 दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी से छूट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “मरीजों, खासकर कैंसर से पीड़ित लोगों को राहत देने के लिए, मैं 17 दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी से छूट देने का प्रस्ताव करती हूं। मैं दवाओं, मेडिसिन और खास मेडिकल मकसद के लिए इस्तेमाल होने वाले खाने के पर्सनल इंपोर्ट पर इंपोर्ट ड्यूटी से छूट देने के मकसद से 7 और दुर्लभ बीमारियों को जोड़ने का भी प्रस्ताव करती हूं।”

SEZ में रियायती ड्यूटी दरों पर सुविधा का हुआ ऐलान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मैं एक खास वन-टाइम उपाय के तौर पर SEZ (स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन) में योग्य मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को घरेलू टैरिफ एरिया में रियायती ड्यूटी दरों पर बिक्री करने की सुविधा देने का प्रस्ताव करती हूं। ऐसी बिक्री की मात्रा उनके एक्सपोर्ट के एक तय अनुपात तक सीमित होगी।

लोअर या निल डिडक्शन सर्टिफिकेट पाना होगा मुमकिन

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मैं छोटे करदाताओं के लिए एक ऐसी योजना का प्रस्ताव करती हूं, जिसमें एक नियम-आधारित स्वचालित प्रक्रिया के माध्यम से ‘लोअर या निल डिडक्शन सर्टिफिकेट’ प्राप्त करना संभव होगा। इसके लिए अब निर्धारण अधिकारी के पास आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही, कई कंपनियों के शेयर रखने वाले करदाताओं की सुविधा के लिए, मैं प्रस्ताव करती हूं कि डिपॉजिटरीज को निवेशकों से फॉर्म 15G या फॉर्म 15H स्वीकार करने और उन्हें सीधे संबंधित कंपनियों को उपलब्ध कराने के लिए सक्षम बनाया जाए।

TCS दरों में की कटौती

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “मैं लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम, जिसे LRS के नाम से जाना जाता है, के तहत शिक्षा और मेडिकल मकसद से TCS दर को 5% से घटाकर 2% करने का प्रस्ताव करती हूं।”

नारियल उत्पादन बढ़ाने के लिए पेश की योजना

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “नारियल उत्पादन में कॉम्पिटिशन को और बढ़ाने के लिए मैं एक नारियल संवर्धन योजना का प्रस्ताव करती हूं ताकि अलग-अलग तरीकों से उत्पादन बढ़ाया जा सके और उत्पादकता बेहतर हो सके। इसमें मुख्य नारियल उगाने वाले राज्यों में बेकार पेड़ों की जगह नई किस्म के पौधे लगाना शामिल है। भारतीय काजू और कोको के लिए एक खास प्रोग्राम का प्रस्ताव है ताकि भारत कच्चे काजू और नारियल के उत्पादन और प्रोसेसिंग में आत्मनिर्भर बन सके, निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़े और 2030 तक भारतीय काजू और भारतीय कोको को प्रीमियम ग्लोबल ब्रांड में बदला जा सके।”

भारत को मेडिकल टूरिज्म हब के तौर पर मिलेगा बढ़ावा

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “भारत को मेडिकल टूरिज्म हब के तौर पर बढ़ावा देने के लिए, मैं राज्यों को देश में 5 रीजनल हब स्थापित करने में मदद करने के लिए एक योजना का प्रस्ताव करती हूं।”

PROI के लिए निवेश के नियम हुए आसान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत के बाहर रहने वाले व्यक्तिगत निवासियों (PROI) को पोर्टफोलियो निवेश योजना (PIS) के माध्यम से सूचीबद्ध भारतीय कंपनियों के इक्विटी इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही, PROI के लिए निवेश की सीमा को 5% से बढ़ाकर 10% करने का प्रस्ताव है।

पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर को बढ़ाया 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “…2026-27 में, मैं पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव करती हूं।”

इन शहरों में होगा इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास

इंफ्रास्ट्रक्चर पर, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “…हम 5 लाख से ज़्यादा आबादी वाले शहरों, यानी टियर 2 और टियर 3 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास जारी रखेंगे।”

20 नए जलमार्ग चालू किए जाएंगे

“देशभर में पर्यावरण के लिहाज़ से टिकाऊ कार्गो मूवमेंट को बढ़ावा देने के लिए, मैं पूर्व में डंकुनी को पश्चिम में सूरत से जोड़ने वाले नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव करती हूं, अगले 5 सालों में 20 नए जलमार्ग चालू किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत ओडिशा में नेशनल वॉटरवे 5 से होगी, जो तालचेर और अंगुल के खनिज-समृद्ध इलाकों और कलिंगनगर जैसे औद्योगिक केंद्रों को पारादीप और धमरा बंदरगाहों से जोड़ेगा। वाराणसी और पटना में भी अंतर्देशीय जलमार्गों के लिए एक शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित किया जाएगा…”

चैंपियन बनाने के लिए MSME ग्रोथ फंड

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “…मैं भविष्य के चैंपियन बनाने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का MSME ग्रोथ फंड बनाने का प्रस्ताव करती हूं।”

स्थापित किया जाएगा मेगा टेक्सटाइल पार्क 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “…मैं चुनौती मोड में मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव करती हूं। मैं खादी और हथकरघा को मजबूत करने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल शुरू करने का प्रस्ताव करती हूं।”

देश में चलेंगी 7 हाई स्पीड ट्रेनें

देश को बजट में हाई स्पीड ट्रेन कॉरोडोर की सौगात मिली है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि शहरों के बीच सात हाई स्पीड ट्रेन चलेंगी। इसमें पुणे-मुंबई, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलिगुड़ी शामिल हैं।

कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने की योजना

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “…हाई-वैल्यू, टेक्नोलॉजी-एडवांस्ड CIE की घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मज़बूत करने के लिए कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट को बेहतर बनाने की एक योजना शुरू की जाएगी। इसमें आग बुझाने के उपकरण से लेकर लिफ्ट और टनल बोरिंग मशीन तक शामिल हो सकते हैं।”

इन 4 राज्यों में बनेंगे समर्पित ‘रेयर-अर्थ कॉरिडोर’

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “…2025 में रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट के लिए एक योजना शुरू की गई थी। अब हम ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे खनिज-समृद्ध राज्यों को समर्पित रेयर-अर्थ कॉरिडोर स्थापित करने में मदद करने का प्रस्ताव देते हैं।”

इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 करेंगे लॉन्च

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “…हम इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 लॉन्च करेंगे और टेक्नोलॉजी और स्किल्ड वर्कफोर्स डेवलप करने के लिए इंडस्ट्री-लेड रिसर्च और ट्रेनिंग सेंटर्स पर भी फोकस करेंगे।”

अनिश्चितता और बाधाओं के समय में लिए सचेत निर्णय- वित्त मंत्री

केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “जब से हमने 12 साल पहले सत्ता संभाली है, देश की आर्थिक स्थिति स्थिरता, वित्तीय अनुशासन, लगातार विकास और कम महंगाई से पहचानी गई है। यह उन सोच-समझकर लिए गए फैसलों का नतीजा है जो हमने अनिश्चितता और मुश्किल समय में भी लिए हैं।”

विनिर्माण में तेजी लाएंगे- वित्त मंत्री

साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “आत्मनिर्भरता को अपना मार्गदर्शक मानते हुए, हमने घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, ऊर्जा सुरक्षा बनाई है और ज़रूरी आयात पर निर्भरता कम की है। साथ ही, हमने यह भी सुनिश्चित किया है कि सरकार के हर काम से नागरिकों को फायदा हो। रोज़गार पैदा करने, कृषि उत्पादकता, परिवारों की खरीदने की शक्ति और लोगों को यूनिवर्सल सर्विस देने के लिए सुधार किए गए हैं। इन उपायों से लगभग 7% की हाई ग्रोथ रेट मिली है और हमें गरीबी कम करने और हमारे लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में काफी मदद मिली है।”

BJP मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सुन रहे बजट

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय बजट सुन रहे हैं।

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक

केंद्रीय बजट को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल गई है। थोड़ी देर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में पेश करेंगी।

बजट के बाद शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
सेंसेक्स 2300 पॉइंट गिरा

राष्ट्रपति ने निर्मला सीतारमण को खिलाई ‘दही-चीनी’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को उनके लगातार नौवें केंद्रीय बजट पेश करने से पहले पारंपरिक ‘दही-चीनी’ खिलाई।

 

बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति से मुलाकात

बजट प्रस्तुति से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति को केंद्रीय बजट 2026 की प्रति भी सौंपी। यह परंपरा बजट पेश करने से पहले निभाई जाती है।

बजट से पहले क्या है बाजार का हाल?

आज यूनियन बजट 2026-27 पेश किए जाने के दिन सेंसेक्स 82,328.15 अंकों पर और निफ्टी (NSE) 25,314.60 अंकों पर ट्रेड कर रहा है।

बजट से पहले GST कलेक्शन का डेटा आया सामने, 6.2% की बढ़ोतरी

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, जनवरी 2026 में कुल GST राजस्व संग्रह ₹1,93,384 करोड़ रहा. यह जनवरी 2025 की तुलना में 6.2% अधिक है।

निर्मला सीतारमण की साड़ी ने सुर्खियां बटोरीं

फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण आज सुबह 11 बजे यूनियन बजट 2026-27 पेश करने वाली हैं। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। बजट के दिन निर्मला सीतारमण की साड़ी हमेशा सुर्खियों में रहती है। असल में, बजट पर वह जो साड़ी पहनती हैं, वह भारत की संस्कृति को दिखाती है। इस बार, फाइनेंस मिनिस्टर ने हाथ से बुनी हुई बैंगनी कांचीवरम सिल्क साड़ी पहनी थी, जो तमिलनाडु की पुरानी बुनाई से जुड़ी है। साड़ी में कॉफी ब्राउन बॉर्डर है, जिस पर हल्के सुनहरे भूरे रंग के चेक, या कट्टम, और धागे का काम है।

Exit mobile version