Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026–27 का आम बजट पेश कर रही हैं। अपने भाषण में उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति, विकास योजनाओं और आने वाले समय की प्राथमिकताओं पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य निवेश बढ़ाना, निर्यात को मजबूत करना और हर वर्ग तक विकास पहुंचाना है। वित्त मंत्री ने कहा कि दुनिया भर में आर्थिक अस्थिरता का माहौल है, लेकिन भारत को ऐसे समय में भी विकास की रफ्तार बनाए रखनी होगी। सरकार का फोकस इस बात पर रहेगा कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत रहे और नए अवसर पैदा हों।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी राहत
सस्ती होंगी दवाएंः शुगर (डायबिटीज) और कैंसर की दवाएं सस्ती की जाएंगी। इससे आम लोगों को इलाज में आर्थिक राहत मिलेगी। सरकार बायोलॉजिकल (जैविक) दवाएं बनाने पर विशेष ध्यान देगी, जिससे आधुनिक इलाज भारत में ही उपलब्ध हो सके।
सेमीकंडक्टर और बायोफार्मा में निवेश
सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए 40,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बायोफार्मा सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए अगले पाँच साल में 10,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे भारत तकनीक और दवा निर्माण में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खुलेंगे
देश में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोले जाएंगे। इससे आयुर्वेदिक चिकित्सा को मजबूती मिलेगी और परंपरागत इलाज प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।

