Site icon Dainik Savera Times

‘माई भारत पोर्टल’ पर 3 फरवरी से शुरू होगी ‘बजट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता, विजेता करेंगे PM मोदी के साथ वर्चुअल चर्चा

Manshukh

Manshukh

नेशनल डेस्क। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने सोमवार को ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ पहल का ऐलान किया, जिसका उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट की समझ में वृद्धि करना और बजटीय प्रावधानों को नागरिक-केंद्रित बनाना है। इस पहल के जरिए युवाओं को बजट से संबंधित जानकारी को सरल और सुलभ तरीके से समझने का मौका मिलेगा, ताकि वे उसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़ सकें।

बता दें कि यह एक राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन प्रतियोगिता होगी, जो माई भारत पोर्टल पर 3 फरवरी से शुरू होगी। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अंतिम तिथि 17 फरवरी है। प्रतियोगिता में रजिस्टर्ड युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े सवालों पर आधारित एक क्विज में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद, राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित टॉप प्रदर्शनकर्ताओं को 17 फरवरी से 3 मार्च तक दूसरे राउंड में भाग लेने का मौका मिलेगा, जिसमें निबंध लेखन राउंड होगा।

ये भी पढ़ें :-

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस राउंड में युवाओं को केंद्रीय बजट से संबंधित आठ प्रमुख विषयों पर निबंध लिखने होंगे, जिसमें वे अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करेंगे। निबंधों का मूल्यांकन 3 मार्च से 10 मार्च के बीच किया जाएगा और राज्यवार मेरिट सूची 10 मार्च को घोषित की जाएगी। इसमें जो विजेता होंगे उनको अगले चरण के लिए भेजा जाएगा।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मंडाविया ने कहा, “इस साल के बजट भाषण में वित्त मंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2026 के दौरान युवाओं की ओर से साझा किए गए अभिनव विचारों की सराहना की थी। कई विचार केंद्रीय बजट 2026-27 में शामिल किए गए हैं। माई भारत बजट क्वेस्ट के जरिए हम इस पहल को आगे बढ़ाना चाहते हैं और युवा आवाजों को सशक्त बनाना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य आकर्षण यह होगा कि प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल बातचीत का अवसर मिलेगा, जिसमें वे विकसित भारत के बजट विजन पर चर्चा कर सकेंगे। यह बातचीत सरकार की प्रतिबद्धता को साबित करेगी कि वह राष्ट्रीय आर्थिक विकास और युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण मानती है।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version