Budget Session 2026: संसद के बजट सत्र 2026 का आज दूसरा दिन (गुरुवार) है। आज लोकसभा में देश का आर्थिक सर्वे (Economic Survey) पेश किया जाएगा। यह दस्तावेज़ सरकार की आर्थिक सेहत का पूरा लेखा-जोखा देता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे यह सर्वे सदन में पेश करेंगी।
बजट से पहले पीएम मोदी का संबोधन
आर्थिक सर्वे और बजट पेश होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मीडिया को संबोधित कर रहे हैं। इस संबोधन में वे देश की आर्थिक दिशा और सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में बात कर सकते हैं।
क्या होता है आर्थिक सर्वे?
आर्थिक सर्वे एक तरह से देश की इकोनॉमी का रिपोर्ट कार्ड होता है। इसमें बताया जाता है कि देश की GDP ग्रोथ (आर्थिक विकास दर) कितनी रही। महंगाई (Inflation) की स्थिति कैसी है। कृषि, बैंकिंग, उद्योग जैसे सेक्टर का प्रदर्शन कैसा रहा। निर्यात (Export) में कितनी बढ़ोतरी हुई। सरकार ने कहां-कहां पैसा खर्च किया। आमतौर पर आर्थिक सर्वे बजट से एक दिन पहले पेश किया जाता है, लेकिन इस बार इसे दो दिन पहले लोकसभा में रखा जा रहा है।
बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की रिपोर्ट भी होगी पेश
आज लोकसभा में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की 13वीं रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। यह रिपोर्ट बताएगी कि संसद में आगे कौन-कौन से काम और बिल किस समय लिए जाएंगे।
यह रिपोर्ट किरेन रिजिजू और कोडिकुन्निल सुरेश की ओर से पेश की जाएगी।
नियम 377 के तहत उठेंगे जरूरी मुद्दे
लोकसभा में आज नियम 377 के तहत भी चर्चा होगी। इस नियम के जरिए सांसद अपने क्षेत्र या देश से जुड़े जनता के महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठा सकते हैं।
AERA से जुड़े दस्तावेज़ भी सदन में रखे जाएंगे
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल आज सदन में एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AERA) से जुड़े दस्तावेज पेश करेंगे। साथ ही वे साल 2024-25 में AERA के कामकाज की समीक्षा से जुड़ा बयान भी देंगे।
दो चरणों में चल रहा है बजट सत्र
बजट सत्र 28 जनवरी 2026 से शुरू हुआ है और यह दो हिस्सों में होगा
पहला चरण: 28 जनवरी – 13 फरवरी
दूसरा चरण: 9 मार्च – 2 अप्रैल
लगातार 9वीं बार आर्थिक सर्वे पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लगातार 9वीं बार संसद में आर्थिक सर्वे पेश कर रही हैं। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड जैसा माना जा रहा है।
पहले दिन राष्ट्रपति का संबोधन
बजट सत्र के पहले दिन यानी बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। उन्होंने 2026 को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण वर्ष बताया। अपने भाषण में उन्होंने समावेशी विकास (Inclusive Growth), सामाजिक न्याय और विकसित भारत के विज़न पर सरकार की योजनाओं और सोच को सामने रखा।
आज देश के सामने आएगा सरकार का आर्थिक रिपोर्ट कार्ड
आज पेश होने वाला आर्थिक सर्वे देश को यह समझने में मदद करेगा कि भारत की अर्थव्यवस्था किस दिशा में बढ़ रही है। इसे मौजूदा NDA सरकार का आर्थिक रिपोर्ट कार्ड भी कहा जा सकता है। अब सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि विकास, महंगाई और रोजगार को लेकर सरकार आगे क्या संकेत देती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...