Site icon Dainik Savera Times

यहां गूंजती थीं किलकारियां, अब बुलडोजर का साया

bulldozers-being-prepared-for-bapu-nagar

bulldozers-being-prepared-for-bapu-nagar

Bulldozers being prepared for Bapu Nagar : फरीदाबाद। सालों की मेहनत से बनाए आशियानों पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जिन घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजती हैं, जहां परिवारों ने अपने सपनों को आकार दिया, वे अब बुलडोजर की जद में आने वाले हैं। फरीदाबाद के बापू नगर में रहने वाले करीब 800 परिवारों के सामने सिर छिपाने की चिंता खड़ी हो गई है। प्रशासन के नोटिस के बाद बस्ती में हर चेहरे पर डर, अनिश्चितता और भविष्य को लेकर बेचैनी साफ दिखाई दे रही है।

मतदाता भी हैं 800 परिवार के सदस्य

दशकों से इस जगह पर रह रहे लोग अपने भविष्य के लिए गहरे असमंजस में हैं। बस्ती के लोगों का दर्द है कि वे पिछले 20 से 35 सालों से यहां खून-पसीने की कमाई से छोटे-छोटे आशियाने बनाकर रह रहे हैं। उनके पास वोटर आईडी, राशन कार्ड और आधार कार्ड जैसे सभी जरूरी सरकारी दस्तावेज मौजूद हैं और वे हर चुनाव में वोट भी डालते आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के वक्त नेता पक्के मकान का वादा तो करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही सब हवा हो जाते हैं। (Bulldozers being prepared for Bapu Nagar)

दूसरी व्यवस्था तक नहीं छोड़ेंगे आशियाना

बस्ती के लोगों ने साफ कर दिया है कि वे तब तक जगह नहीं छोड़ेंगे, जब तक सरकार उनके रहने की कोई दूसरी व्यवस्था नहीं करती। उनका मानना है कि बिना कोई वैकल्पिक जगह दिए गरीब परिवारों को इस तरह सड़क पर लाना सरासर अन्याय है। इसी तरह की तोड़फोड़ का सामना कर रही नेहरू कॉलोनी के लोगों ने भी शनिवार को अपना विरोध दर्ज कराया। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों के नेताओं ने सेक्टर-16 स्थित कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। (Bulldozers being prepared for Bapu Nagar)

मंत्री विपुल गोयल ने दिया आश्वासन

प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि जब तक लोगों के बसाने की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक तोड़फोड़ की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाई जाए। लोगों का स्पष्ट तर्क है कि वे इस देश के मतदाता हैं, इसलिए उन्हें इस तरह रातों-रात बेघर करना उचित नहीं है। वहीं, लोगों के गुस्से को देखते हुए मंत्री विपुल गोयल ने आश्वासन दिया है कि वह इस पूरे मसले पर मुख्यमंत्री से बातचीत कर कोई समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

Also Read :

Exit mobile version